मुख्यमंत्री योगी ने महाशिवरात्रि की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं

मुख्यमंत्री योगी ने महाशिवरात्रि की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं

मुख्यमंत्री योगी ने महाशिवरात्रि की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं

लखनऊ, 14 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना का यह महापर्व भक्ति, तप, कल्याण और आत्मोद्धार का उत्सव है, जो जन-जीवन में धर्म, सत्य और सदाचार की शक्ति को पुष्ट करता है। शनिवार को जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि का पावन संदेश हमें कर्तव्यनिष्ठा, संयम, करुणा एवं लोक-कल्याण के पथ पर दृढ़तापूर्वक अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर प्रदेशभर के प्रमुख शिवालयों श्री काशी विश्वनाथ धाम, गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी), लोधेश्वरनाथ (बाराबंकी), झारखण्डी महादेव, मुंजेश्वरनाथ व मुक्तेश्वरनाथ (गोरखपुर), श्रीमार्कण्डेय महादेव (कैथी), श्रीतामेश्वरनाथ (संत कबीर नगर), दुग्धेश्वरनाथ (गाजियाबाद), मेरठ के बाबा औघड़नाथ, अयोध्या के श्रीनागेश्वरनाथ तथा आगरा स्थित बटेश्वर महादेव में लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुँचेंगे। जन-आस्था के इस विराट प्रवाह को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक प्रबन्ध किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी शिवालयों पर स्वच्छता, भीड़-प्रबन्धन, ट्रैफिक नियंत्रण, चिकित्सा सहायता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक सेवाएँ पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाएँ, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं। योगी सरकार ने बरेली में नाथ कॉरिडोर का निर्माण, गोरखपुर में मानसरोवर मन्दिर एवं महादेव झारखण्डी परिसर का विकास तथा बटेश्वर, आगरा सहित अनेक जिलों के प्रमुख शिवमंदिरों का जीर्णोद्धार कराते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक दर्शन-पूजन की व्यवस्था की है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व पूरे प्रदेश में शांति, सौहार्द, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का विस्तार करेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे स्वच्छता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी धार्मिक परम्पराओं का पालन करें तथा सामाजिक सौहार्द व सामूहिक उत्तरदायित्व की परम्परा को और सुदृढ़ बनाएँ।

मुख्यमंत्री ने कामना की है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से उत्तर प्रदेश निरन्तर विकास, सुशासन और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़े तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य, सुख, शांति और नई ऊर्जा का प्रकाश बढ़ता रहे।