मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आएंगे वाराणसी, लाभार्थियों काे वितरित करेंगे स्वीकृति पत्र
—13 जून को मुख्यमंत्री बीएचयू में आयोजित विज्ञान भारती के 7 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भी होंगे शामिल
वाराणसी,11 जून । केंद्र सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसमें हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर 12 जून, शुक्रवार की शाम वाराणसी पहुंच रहे है। शाम को गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। इसके बाद वे बाबा काल भैरव मंदिर एवं श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने जाएंगे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन शनिवार को मुख्यमंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित विज्ञान भारती के 7 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वैदिक विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत तथा विदेश से लगभग 1200 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। विज्ञान भारती के सदस्य, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ सहभागिता करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते अफसर गुरूवार को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के प्रबंधन में जुटे रहे। गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में तैयारियों को प्रशासनिक अफसरों ने अन्तिम रूप दिया। जिला प्रशासन के अफसरों के अनुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। जिनमें मुख्य रूप से कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन तथा नेडा सहित कई विभागों के स्टॉल हैं। इसके अलावा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के अंतर्गत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भी यहां होंगे। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग हेतु विशेष टीम मौजूद रहेगी, दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड के अंतर्गत अस्थि रोग, शल्य चिकित्सा एवं ईएनटी विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।