मल्टी-मॉडल टर्मिनल, रामनगर से मालवाहक जहाज साहिबगंज के लिए रवाना

वाराणसी से 294 टन बिरला व्हाइट पुट्टी भेजा गया

मल्टी-मॉडल टर्मिनल, रामनगर से मालवाहक जहाज साहिबगंज के लिए रवाना

वाराणसी, 17 अक्टूबर  उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रामनगर स्थित मल्टी-मॉडल टर्मिनल से शुक्रवार को 294 टन बिरला व्हाइट पुट्टी लेकर लाल बहादुर शास्त्री मालवाहक जहाज साहिबगंज (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के उप निदेशक संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर जहाज को रवाना किया।

यह पहल राष्ट्रीय जलमार्ग-1 (गंगा नदी) पर जल परिवहन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जलमार्ग के जरिये माल परिवहन से न केवल परिवहन लागत में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर प्राधिकरण के सहायक निदेशक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि रामनगर मल्टी-मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवम्बर 2018 को किया था, जबकि साहिबगंज (झारखंड) स्थित टर्मिनल का लोकार्पण 12 सितंबर 2019 को किया था।