जन्मदिन की खुशियां मातम में बदली, तेज रफ्तार टैंकर ने छीनी मां-बेटे की जिंदगी
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदली, तेज रफ्तार टैंकर ने छीनी मां-बेटे की जिंदगी
बरेली, 21 जून (। भमोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जन्मदिन की दावत से लौट रहे परिवार को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में मां और 10 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर हालत में जिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांव पसतौर निवासी जानकी प्रसाद अपनी पत्नी प्रीति देवी (30) और बेटे प्रशांत (10) के साथ रिश्तेदारी में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। रात क़रीब साढ़े दस बजे जब उनका परिवार सरदार नगर पुल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक उछलकर दूर जा गिरी और मां-बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भमोरा थाना पुलिस ने घायल जानकी प्रसाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और टैंकर की तलाश जारी है। जैसे ही यह खबर गांव पसतौर पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। हर आंख नम हो गई। बताया जा रहा है कि जानकी प्रसाद के दो बच्चे थे—प्रशांत और एक बेटी। इस हादसे में उनका बड़ा बेटा प्रशांत काल के गाल में समा गया।
गांव वालों और रिश्तेदारों का कहना है कि जन्मदिन की खुशियों से लौटते वक्त किसी ने सोचा भी नहीं था कि घर में शव पहुंचेंगे। पुलिस का कहना है कि टैंकर और चालक का पता लगाने के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।