आजाद बिंद हत्याकांड : मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जमदहा पहुंची सौम्या बिंद, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

आजाद बिंद हत्याकांड : मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जमदहा पहुंची सौम्या बिंद, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

आजाद बिंद हत्याकांड : मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद जमदहा पहुंची सौम्या बिंद, न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

जौनपुर,08 जून । यूपी के जौनपुर में खेतासराय थाना अंतर्गत दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की लड़ाई लड़ रही सौम्या बिंद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद साेमवार को मृतक की होने वाली दुल्हन सोनी बिंद के घर जमदहा (बीबीपुर) पहुंचीं। जैसे ही दोनों आमने-सामने हुईं, वे एक-दूसरे से लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ीं। यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं तथा घर का माहौल गमगीन हो उठा।सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव पहुंची सौम्या को देखकर मृतक के होने वाले ससुराल पक्ष के लोग भावुक हो गए। काफी देर तक सौम्या ने सोनी को ढांढस बंधाया और हिम्मत बनाए रखने की बात कही। मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला। इस दौरान सौम्या ने कहा कि मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात में उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय का भरोसा मिला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाई के हत्यारों को सख्त सजा दिलाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और वह किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद की शादी जमदहा (बीबीपुर) निवासी सोनी बिंद से तय थी। एक मई की रात बारात लेकर जाते समय शाहगंज-जौनपुर मार्ग पर बादशाही के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें आजाद बिंद की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे जनपद के साथ प्रदेशभर में आक्रोश फैल गया था।पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर भोले राजभर, रवि यादव और प्रदीप बिंद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। मामले का एक आरोपित रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इसी को लेकर परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और सौम्य बिंद उनके भी इनकाउंटर की मांग कर रही है।