मौलाना सलीम के खिलाफ फूटा आक्रोश हिंदू युवा वाहिनी ने प्रदर्शन कर फूंका पुतला
मौलाना सलीम के खिलाफ फूटा आक्रोश हिंदू युवा वाहिनी ने प्रदर्शन कर फूंका पुतला
जौनपुर, 09 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ कार्यवाही की मांग को लेकर सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी की जौनपुर इकाई ने कड़ा विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोपित मो. अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उसका पुतला फूंका और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिहार निवासी मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने एक भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है। यह सोशल मीडिया में भी वायरल है। इसे लेकर संगठन में आक्रोश व्याप्त है।हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष डॉ. अनिल दुबे ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी न केवल मुख्यमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने का भी प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाजी से प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
संगठन के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को दिए ज्ञापन में आरोपित मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में शांति और समरसता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। कार्यक्रम में डॉ. अनिल दुबे, कृष्ण कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।