यमुना नदी के पुल से छलांग लगाकर बुजुर्ग ने दी जान
यमुना नदी के पुल से छलांग लगाकर बुजुर्ग ने दी जान
बांदा, 16 जून । शहर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई जब एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति ने यमुना नदी पर बने पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 8 बजे की है, जब पुल पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को रेलिंग पर चढ़ते देखा, लेकिन कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर तुरंत पहुंची कुरसीजा चौकी पुलिस, गोताखोरों और नाविकों की मदद से लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चौकी इंचार्ज कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 60-65 वर्ष के बीच आंकी गई है। वह सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए था। उसकी जेब से एक काला बटुआ मिला है, जिसमें 50 रुपये नकद और तिंदवारी से बेंदाघाट रोडवेज बस का टिकट बरामद हुआ है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह हाल ही में बस से वहां पहुंचा था।
थाना प्रभारी सुरेश सैनी ने बताया कि बुजुर्ग की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी भेज दिया है। साथ ही मृतक की तस्वीरों को स्थानीय पुलिस ग्रुपों और सोशल मीडिया पर साझा किया गया है ताकि पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का मानना है कि मृतक आसपास के ही किसी गांव का रहने वाला हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की शिनाख्त की कोशिश जारी है।