विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा एवं खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए सभी कार्य हाें गुणवत्ता युक्त : राज्यपाल

विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा एवं खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए सभी कार्य हाें गुणवत्ता युक्त : राज्यपाल

विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा एवं खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए सभी कार्य हाें गुणवत्ता युक्त : राज्यपाल

लखनऊ, 18 मई । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में सोमवार को जन भवन में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय मेरठ के शासक बोर्ड की द्वितीय बैठक वर्चुअल माध्यम से सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक, वित्तीय एवं अधोसंरचनात्मक विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के लिए संबंधित सभी विभाग के अधिकारियों को सामूहिक रूप से बैठकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय के समस्त परिनियम समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाने तथा शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक फर्नीचर एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा एवं खेल उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने के लिए सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किए जाएं, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं एवं उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में निर्मित बैडमिंटन रैकेट का उपयोग किया जाए तथा इस कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही सभी खेल उपकरणों की गुणवत्ता उच्च स्तर की सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये।

विश्वविद्यालय में स्वीकृत शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के सापेक्ष कार्यरत एवं रिक्त पदों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि एमएसएमई, शासनादेशों एवं जन भवन से भेजी गई भर्ती आवश्यकता संबंधी योजना के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने हेतु नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार कांट्रैक्ट आधारित, विजिटिंग एवं अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष जारी किए जाने वाले शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप विश्वविद्यालय का शैक्षणिक कैलेंडर तैयार कर समस्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने विश्वविद्यालय की सभी गतिविधियों को समर्थ पोर्टल पर संचालित किए जाने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान राज्यपाल ने निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय में उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ में उत्पादित ऑर्गेनिक खाद्य उत्पादों का ही प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।

विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं खेल सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई), नई दिल्ली, राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस), पटियाला, आईआईएसएम मुंबई, आईआईएम इंदौर, आईआईटी मद्रास तथा भारतीय सेना के साथ प्रस्तावित एमओयू पर भी चर्चा की गई।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में हुए व्यय तथा वर्ष 2026-27 हेतु प्रस्तावित बजट व्यय के अनुमोदन पर विचार किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति, शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट तथा शासक बोर्ड की प्रथम बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।