बीएड परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के साथ हादसा, नाले की जर्जर पटान टूटने से कई लोग गिरे
बीएड परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों के साथ हादसा, नाले की जर्जर पटान टूटने से कई लोग गिरे
कानपुर, 31 मई । ग्वालटोली थाना क्षेत्र के मकराबर्टगंज में रविवार को बीएड प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के साथ हादसा हो गया। एच.एन. मिश्रा इंस्टीट्यूट के पास स्थित नगर निगम मार्केट में फोटोकॉपी कराने के दौरान नाले पर रखी जर्जर पटान अचानक टूट गई, जिससे उस पर खड़े कई लोग नाले में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान के सामने बनी पुरानी पटान पर एक साथ कई लोग खड़े हो गए। अधिक भार पड़ने से पटान टूट गई और लोग नीचे गिर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अभिभावक उपचार के लिए अस्पताल गया। कई अभ्यर्थियों के दस्तावेज और कपड़े भी खराब हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और आवागमन सुचारु कराया।
एसीपी कर्नलगंज चित्रांशु गौतम ने बताया कि जर्जर पटान पर अधिक लोगों के खड़े होने से यह हादसा हुआ। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी अभ्यर्थी सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हो गए।