इविवि: उर्दू विभाग को मिले 5 नए शिक्षक और तीन पदोन्नत, भूगोल विभाग में भी दो शिक्षक पदोन्नत

--इविवि में कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक में स्वीकृति

इविवि: उर्दू विभाग को मिले 5 नए शिक्षक और तीन पदोन्नत, भूगोल विभाग में भी दो शिक्षक पदोन्नत

प्रयागराज, 16 जून । इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मंगलवार को कार्य परिषद (ईसी) की ऑनलाइन बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने की। इस दौरान उर्दू विभाग में हाल ही में हुई नियुक्तियों को मंजूरी मिली है। वहीं, कैरियर एडवांसमेट स्कीम के तहत उर्दू विभाग के तीन और भूगोल विभाग के दो शिक्षकों की पदोन्नति के अनुमोदनों पर भी ईसी की मुहर लगी।

यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने दी। उन्होंने बताया कि गत सप्ताह 11 और 12 जून को उर्दू विभाग में विभिन्न शैक्षणिक पदों के लिए साक्षात्कार हुए थे। अब कार्यकारी परिषद की बैठक में इन्हीं शैक्षणिक पदों की नियुक्ति को स्वीकृति मिली है। साक्षात्कार के बाद एसोसिऐट प्रोफेसर के पद पर डॉ. संजय कुमार को नियुक्त किया गया है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग के असिस्टेंट प्रोफेसर पदों के लिए डॉ. ताहिरा प्रवीन और डॉ. शाहिद मलिक का चयन हुआ है। अनारक्षित वर्ग के असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव और डॉ. सूरज कुमार की नियुक्ति को मंजूरी मिली है। तीन पदों पर कोई उपयुक्त उम्मीदवार नहीं मिला है।

उन्होंने आगे बताया कि उर्दू विभाग के ही कैरियर एडवांसमेट स्कीम के तहत विभाग के शिक्षकों डॉ. मोहम्मद कासिफ, डॉ. संजय कुमार और डॉ. जफरूल्ला अंसारी को स्टेज 2 से स्टेज 3 के लिए प्रमोशन को भी ईसी ने मंजूरी दी है। वहीं, भूगोल विभाग में कैरियर एडवांसमेट स्कीम के तहत शिक्षक डॉ. किरण कुमारी सिंह और डॉ. पवन कुमार शर्मा को एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर पद पर पदोन्नत किया गया है।

पीआरओ ने अंत में कहा कि कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के कार्यकाल में अभी तक 389 शिक्षकों और 672 गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति इलाहाबाद विश्वविद्यालय में हो चुकी है।