मोदी सरकार के 12 वर्ष में विकास, विश्वास और गरीब कल्याण की नई इबारतः तरुण चुघ

मोदी सरकार के 12 वर्ष में विकास, विश्वास और गरीब कल्याण की नई इबारतः तरुण चुघ

मोदी सरकार के 12 वर्ष में विकास, विश्वास और गरीब कल्याण की नई इबारतः तरुण चुघ

झांसी, 15 जून । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झांसी में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि केवल सरकार के कार्यकाल की नहीं बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, संकल्प और परिवर्तन की गाथा है।

तरुण चुघ ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने बताया कि देश में एयरपोर्ट की संख्या 74 से बढ़कर 164 से अधिक हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुकी है और प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर से बढ़कर 1095 किलोमीटर से अधिक हो गया है।

रेलवे क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 99 प्रतिशत से अधिक ब्रॉडगेज रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है। देश में 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है तथा 1337 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जा रहा है। झांसी और ललितपुर रेलवे स्टेशन भी इसी योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे हैं।

गरीब कल्याण योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा जनधन खातों और डीबीटी के माध्यम से लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, जबकि जल जीवन मिशन से 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।

महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं का उल्लेख करते हुए चुघ ने कहा कि उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से भारत आज विश्व का अग्रणी डिजिटल भुगतान तंत्र बन चुका है तथा मोबाइल निर्माण और स्टार्टअप क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर, बीडा, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार और स्मार्ट सिटी परियोजनाएं झांसी-ललितपुर क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेगा।

प्रेस वार्ता में सांसद अनुराग शर्मा, विधायक रवि शर्मा, विधायक राजीव सिंह पारिछा, एमएलसी रामतीर्थ सिंघल, महापौर बिहारीलाल आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं पत्रकार उपस्थित रहे।