मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी दौरे से पहले अलर्ट मोड में पुलिस, कमिश्नर ने अफसरों संग की बैठक

—यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दिए निर्देश —वीवीआईपी रूट से कार्यक्रम स्थल तक चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी दौरे से पहले अलर्ट मोड में पुलिस, कमिश्नर ने अफसरों संग की बैठक

वाराणसी, 13 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार को प्रस्तावित वाराणसी दौरे और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित होने वाले शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार देर शाम पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के आगमन, भ्रमण, जनसभा और अवस्थान कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

--निर्धारित समय से पहले संभालें ड्यूटी, पुलिसकर्मियों को करें ब्रीफ

पुलिस कमिश्नर ने सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर समय से पहले पहुंचकर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग सुनिश्चित करें। प्रत्येक पुलिसकर्मी को उसकी जिम्मेदारियों, सुरक्षा प्रोटोकॉल और ड्यूटी के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली की स्पष्ट जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर ड्यूटी में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर जरूरत के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

--वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर रहेगी कड़ी निगरानी

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, प्रमुख चौराहों तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने को कहा गया।

पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी अपने आसपास की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

-ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी

कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी रूट की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा की दृष्टि से चिह्नित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी। तैनात पुलिसकर्मी आसपास के भवनों, क्षेत्रों और गतिविधियों पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ होटल, ढाबे, गेस्ट हाउस और अन्य ठहरने के स्थानों पर सघन चेकिंग तथा आवश्यकतानुसार व्यक्तियों का सत्यापन कराने को कहा गया।

--सुरक्षा जांच के बाद ही कार्यक्रम स्थल पर मिलेगा प्रवेश

पुलिस कमिश्नर ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित सुरक्षा जांच के बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाए। महिलाओं की चेकिंग महिला पुलिसकर्मियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ आवश्यक प्रोटोकॉल का भी पालन हो सके।

-यातायात व्यवस्था के लिए लागू होंगे डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग

मुख्यमंत्री के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार निर्धारित डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, ताकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात बाधित न हो और आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

वीवीआईपी रूट से जुड़ी गलियों, कट, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार रस्सों और बैरिकेडिंग का इस्तेमाल किया जाएगा तथा किसी भी स्थान पर अनावश्यक जमावड़ा नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।

-ड्यूटी के दौरान मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल पर रोक

पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिसकर्मी मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और अपना पूरा ध्यान सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित दायित्वों पर केंद्रित रखें।

उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिस बल के साथ निरंतर समन्वय और प्रभावी संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए। ड्यूटी के दौरान सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ यातायात का सुचारु संचालन और भीड़ का प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।