वाराणसी में बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास की जमीनों के दाम बढ़े
वाराणसी में बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास की जमीनों के दाम बढ़े
वाराणसी, 26 जून। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले में गंजारी क्षेत्र में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आसपास की जमीनों के दाम अब आसमान छू रहे हैं। एक हजार रुपये की स्क्वायर फीट रेट वाली जमीन अब 22 सौ स्क्वायर फीट पहुंच गई है। इससे जहां स्थानीय लोगों में प्रसन्नता है तो किसानों के लिए परेशानी भी है। स्टेडियम होने के कारण सुविधाएं तो मिलेंगी, लेकिन जमीन से जुड़े विवाद बढ़ेंगे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पीछे गांव में रहने वाले अजय कुमार पटेल का कहना है कि वह जमीन खरीद बिक्री का कार्य करते हैं। बीते दिनों हमारे क्षेत्र की जमीन की कीमत दोगुनी से ज्यादा हो गई है, जिसका कारण गंजारी में बन रहा क्रिकेट स्टेडियम है। स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है और दो महीने में इसे तैयार कर लिया जाएगा। इसकी वजह से आसपास कॉलोनीयों का भी डेवलपमेंट हो रहा है लेकिन बिना वीडीए अप्रूव्ड कोई जमीन लेने लायक नहीं है।
वहीं, किसान राम लखन ने बताया कि शहर का वातावरण उनके गांव तक आ गया है। गांव में खेतों को खरीद कर कॉलोनाइजर कॉलोनियां बनायी जा रही हैं। नया और बदलता हुआ बनारस किसानों के सेहत के लिए ठीक नहीं है। उनके क्षेत्र के किसानों ने अपनी जमीनों को ना बेचने का निर्णय भी किया है।
पटरी दुकानदारों की माने तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम उनके लिए किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं है। स्टेडियम में कार्य कर रहे तमाम अभियंताओं और कर्मचारियों के कारण उनकी पटरी दुकान ठीक से चल रही है। उन सभी की आय बढ़ी है। पटरी दुकानदार राहुल ने कहा कि पहले वह अपना ठेला लेकर बाजारों तक जाकर दो चार पैसे कमाने का प्रयास करते थे। अब तो उनके आसपास ही ग्राहकों की मौजूदगी है। जिसके कारण उनकी दुकान ठीक-ठाक चल रही है।---