प्रवक्ता के 624 पदों के लिए 9, 10 मई को होगी परीक्षा

17 जिलों में 319 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी लिखित परीक्षा

प्रवक्ता के 624 पदों के लिए 9, 10 मई को होगी परीक्षा

प्रयागराज, 29 अप्रैल । यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज शिक्षक भर्तियों को लेकर अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। प्रवक्ता विज्ञापन संख्या 02/2022 के विज्ञापित 624 पदों के लिए 9 और 10 मई को परीक्षा होने जा रही है। यूपी के 17 जिलों में 319 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में लिखित परीक्षा आयोजित की गयी है।

प्रवक्ता भर्ती के लिए 4,64,605 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यह परीक्षा 9 और 10 मई को सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और दोपहर 2ः30 बजे से 4ः30 बजे आयोजित होगी। भर्ती परीक्षा को लेकर तिथि वार, विषय वार और पाली बार विवरण आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से 6 मई से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

आयोग ने कहा है कि अभ्यर्थी बगैर वैध प्रवेश पत्र के परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। परीक्षा के जिले की अग्रिम सूचना आयोग की वेबसाइट https:// upessc-up.gov.in पर 30 अप्रैल से जारी कर दी जाएगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध लिंक पर जाकर वांछित प्रविष्टियां अंकित करते हुए परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देख सकते हैं।

यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव ने बुधवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी डॉ प्रशांत कुमार प्रवक्ता भर्ती परीक्षा की स्वयं मानीटरिंग कर जरूरी दिशा निर्देश मातहतों को दे रहे है।