तिरंगा यात्रा की सफलता में सिविल लाइन मंडल की होगी अहम भूमिका : संजय गुप्ता
तिरंगा यात्रा की सफलता में सिविल लाइन मंडल की होगी अहम भूमिका : संजय गुप्ता
प्रयागराज, 06 अगस्त आगामी तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में सिविल लाइन मंडल की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। उक्त बात गुरुवार को सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में आगामी तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कही।
उन्होंने मंडल पदाधिकारियों से अभियान की तैयारियों में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का अभियान है। प्रयागराज महानगर की मुख्य तिरंगा यात्रा सिविल लाइन मंडल से निकलेगी, इसलिए इस मंडल की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। मंडल के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी लगन एवं समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं। अभियान को घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाए।
संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी। सभी कार्यकर्ता समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें और अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए मिलकर कार्य करें।