दीपावली और छठ पूजा पर रेलवे स्टेशन सूबेदारगंज में चला चेकिंग अभियान
दीपावली और छठ पूजा पर रेलवे स्टेशन सूबेदारगंज में चला चेकिंग अभियान
प्रयागराज, 06 नवंबर । दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से शुक्रवार काे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर चकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्रियों को जहरखुरानी से बचने, अपने सामान की सुरक्षा करने और पटाखे सहित अन्य ज्वलनशील पदार्थ लेकर ट्रेन में यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई।
अभियान के तहत उप निरीक्षक राहत सिंह यादव और सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने शुक्रवार काे रेलवे सुरक्षा कर्मियों के साथ गाड़ी संख्या 14163 अप संगम एक्सप्रेस सहित स्टेशन के विभिन्न स्थानों पर जांच की। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्सल कार्यालय और अन्य स्थानों की भी सघन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने यात्रियों को बताया कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें। अपने सामान और खानपान के प्रति सतर्क रहें, ताकि जहरखुरानी की घटनाओं से बचा जा सके। इसके साथ ही पटाखे, पेट्रोल, डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ ट्रेन में लेकर नहीं चलने की हिदायत दी गई।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने को देखते हुए रेलवे उनकी सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है। स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित जांच के साथ जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा कर्मियों को दें।
------------------