रेलवे की हॉकी खिलाड़ी सोनिया कुशवाहा ने माउंट कुन पर फहराया तिरंगा, 23,200 फीट की ऊंचाई पर रचा गौरवपूर्ण इतिहास
लद्दाख की जंस्कार पर्वत श्रृंखला में 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर पहुंचकर सोनिया ने कठिन बर्फीले और ग्लेशियर मार्ग को पार किया। वापसी पर उत्तर मध्य रेलवे परिवार ने ढोल-नगाड़ों और माल्यार्पण से भव्य स्वागत किया।
प्रयागराज, 12 सितंबर । उत्तर मध्य रेलवे की हॉकी खिलाड़ी और पर्वतारोही सोनिया कुशवाहा ने लद्दाख की जंस्कार पर्वत श्रृंखला में स्थित माउंट कुन की चोटी पर तिरंगा फहराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 23,200 फीट (7,077 मीटर) ऊंचे माउंट कुन पर सफल आरोहण कर उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे और भारतीय रेल का गौरव बढ़ाया। अभियान से लौटने पर रेल परिवार और नागरिकों ने उनका ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण और पुष्पगुच्छों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस ऐतिहासिक अभियान के लिए सोनिया कुशवाहा को 21 अगस्त को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज सौंपकर रवाना किया था। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के पदाधिकारी और प्रधान विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। सभी ने सोनिया को सफल अभियान के लिए शुभकामनाएं दी थीं।
रवानगी के बाद सोनिया कुशवाहा ने 29 अगस्त से माउंट कुन की कठिन चढ़ाई शुरू की। अभियान के दौरान उन्हें बर्फ से ढके दुर्गम रास्तों और ग्लेशियरों को पार करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने 7 सितंबर को माउंट कुन के शिखर पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।
इस उपलब्धि के बाद वापसी पर उनका रेलवे परिवार और नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। उनके सम्मान में ढोल-नगाड़े बजाए गए और माल्यार्पण कर पुष्पगुच्छ भेंट किए गए। उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोनिया की उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताया। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि सोनिया कुशवाहा की यह उपलब्धि पूरे उत्तर मध्य रेलवे परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए माउंट कुन की चोटी पर तिरंगा फहराया। उनकी सफलता से रेलवे के खिलाड़ियों और युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। उत्तर मध्य रेलवे उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष शशि प्रकाश द्विवेदी, उपाध्यक्ष बीपी सिंह, महासचिव गौतम जैन सहित पूरे उत्तर मध्य रेलवे परिवार ने सोनिया कुशवाहा को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।