सेवा और मानवीय संवेदना से बुजुर्गों का सम्मान जरूरी: राजा मेहरोत्रा

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रयागराज के वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को मौसमी फल वितरित किए गए, उनके साथ समय बिताकर जाना जीवन का अनुभव।

सेवा और मानवीय संवेदना से बुजुर्गों का सम्मान जरूरी: राजा मेहरोत्रा

प्रयागराज, 22 सितंबर । समाज के बुजुर्ग, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना सामाजिक जिम्मेदारी है। सेवा और मानवीय संवेदना के माध्यम से उनके जीवन में अपनत्व का भाव बढ़ाया जा सकता है।

यह बात राजा मेहरोत्रा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत टैगोर टाउन स्थित रविंद्र नाथ गौड़ तारा वृद्धाश्रम में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिव्यांग प्रकोष्ठ की महानगर सह संयोजिका अर्चना वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों को मौसमी फल वितरित किए गए।

अर्चना वर्मा ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली। इसके बाद उनके साथ समय बिताया और जीवन के अनुभवों को सुना। बुजुर्गों ने भी आत्मीयता के साथ अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान उनके चेहरे पर खुशी और अपनत्व का भाव दिखाई दिया।

राजा मेहरोत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेवा ही संगठन’ के संकल्प से प्रेरणा लेकर सामाजिक और मानवीय सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों की सेवा के साथ उनके बीच अपनत्व और संवेदना का भाव मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं और उनके साथ समय बिताना भी सेवा का एक महत्वपूर्ण रूप है। कार्यक्रम में प्रांजल वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।