श्रावण के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा प्रयागराज

श्रावण के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा प्रयागराज

श्रावण के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा प्रयागराज

प्रयागराज, 17 अगस्त । श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन पर्व के एक साथ पड़ने से संगम नगरी प्रयागराज में सोमवार भोर से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हर-हर महादेव, जय शिव शंकर और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। शिव भक्तों ने गंगा-यमुना के संगम सहित विभिन्न घाटों पर स्नान-ध्यान कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और यातायात पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। मंदिरों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं।

दशाश्वमेध घाट पर कांवड़ में जल भरने को लगी कतार

दशाश्वमेध घाट पर भोर से ही कांवड़ियों और शिव भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने गंगा जल भरा और कांवड़ में जल लेकर भगवान शिव के विभिन्न मंदिरों की ओर रवाना हुए। बड़ी संख्या में कांवड़िए दशाश्वमेध घाट से गंगाजल लेकर वाराणसी स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भी रवाना हुए। वहीं कई श्रद्धालु प्रयागराज के प्राचीन शिवालयों में जल चढ़ाने के लिए कांवड़ लेकर निकले।

प्रमुख शिवालयों में उमड़ी भीड़

शहर के मनकामेश्वर महादेव, ब्रह्मेश्वर महादेव, शंकर विमान मंडपम, कोटेश्वर महादेव, पांडेश्वर महादेव, फुटाहवन महादेव, ललितेश्वर महादेव और तक्षकेश्वर महादेव समेत विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, फूल, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में मंत्रोच्चार और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

नाग पंचमी के कारण भी शिव मंदिरों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और नाग देवता की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर प्रवेश दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की नजर

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि श्रावण सोमवार और नाग पंचमी को देखते हुए शहर के प्रमुख शिव मंदिरों, घाटों और कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक डायवर्जन और यातायात प्रबंधन किया गया है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे निर्धारित मार्ग और कतार का पालन करें, घाटों व मंदिर परिसर में धैर्य बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस की सतर्कता और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच प्रयागराज में श्रावण सोमवार का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया।