प्रयागराज में 24 अगस्त को रोजगार मेला, 800 से अधिक पदों पर होगा चयन

हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग, 12 से 25 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन

प्रयागराज में 24 अगस्त को रोजगार मेला, 800 से अधिक पदों पर होगा चयन

प्रयागराज, 21 अगस्त 

उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, 29-ए थॉर्नहिल रोड, सिविल लाइंस परिसर में 24 अगस्त को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियां 800 से अधिक पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 12 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को सहायक निदेशक सेवायोजन प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक और बीटेक सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीयन जरूरी

सहायक निदेशक सेवायोजन प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल

rojgaarsangam.up.gov.in पर अपना पंजीयन कराना होगा। अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र, अंकपत्र और जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों और पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचना होगा।