स्वरोजगार के लिए मैत्री प्रशिक्षण योजना में आवेदन 12 अक्टूबर से

31 अक्टूबर की रात 12 बजे तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, पूरी प्रक्रिया निःशुल्क

स्वरोजगार के लिए मैत्री प्रशिक्षण योजना में आवेदन 12 अक्टूबर से

उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद की ओर से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मैत्री (मल्टी परपज एआई टेक्नीशियन इन रूरल इंडिया) प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अक्टूबर की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। यह जानकारी सोमवार को प्रयागराज के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि मैत्री प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना और पशुपालन से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करना है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले पात्रता, नियम और शर्तों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर लें। आवेदन के लिए निर्धारित पोर्टल उपलब्ध रहेगा। प्रशिक्षण से संबंधित नियम एवं शर्तें परिषद की वेबसाइट पर भी देखी जा सकती हैं।

उन्होंने बताया कि मैत्री प्रशिक्षण का चयन ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, लेकिन इस प्रशिक्षण से किसी भी स्थिति में सरकारी सेवा में समायोजन का अधिकार नहीं मिलेगा। यह योजना पूरी तरह स्वरोजगार सृजन की अवधारणा पर आधारित है।

डॉ. यादव ने बताया कि आवेदन के लिए उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद की ओर से जारी ऑनलाइन पोर्टल पर कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। यदि कोई अन्य संस्था आवेदन के नाम पर शुल्क मांगती है या कोई अभ्यर्थी किसी दूसरे अथवा भ्रामक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करता है, तो इसके लिए परिषद जिम्मेदार नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन केवल निर्धारित पोर्टल पर ही मान्य होंगे। ऑफलाइन आवेदन किसी भी स्थिति में जिला या परिषद मुख्यालय पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक जमा करने के बाद प्राप्त प्रिंटआउट और संबंधित दस्तावेज विकास भवन में जमा किए जा सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परिषद की ओर से आवश्यकता पड़ने पर आवेदन की अवधि आगे बढ़ाई भी जा सकती है।