दशहरा और दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत कराएं, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करें : गणेश केसरवानी

दशहरा और दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत कराएं, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करें : गणेश केसरवानी

दशहरा और दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत कराएं, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करें : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 12 अक्टूबर। दशहरा, दुर्गा पूजा और नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समय से दुरुस्त कराएं। मेले से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं और इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को निरंकारी चौराहे से बैरहना चौराहे और डॉट के पुल तक सड़क व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि अत्यधिक बारिश और जलभराव के कारण निरंकारी चौराहे से बैरहना चौराहे तक सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। जल निकासी और पाइपलाइन बिछाने के लिए गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई और जल निगम की ओर से सड़क की खोदाई भी की जा रही है। बैरहना चौराहे पर स्थित पार्क की स्थिति भी खराब मिली। चौराहे के चारों ओर और वहां से डॉट के पुल तक सड़क के दोनों ओर क्षतिग्रस्त हिस्से पाए गए।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरंकारी चौराहे से बैरहना चौराहे के आगे तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत लोक निर्माण विभाग कराए। बैरहना पार्क और डॉट के पुल तक नगर निगम की सड़कों को तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई को खोदी गई सड़क की खाइयों को बंद कराने और मेले तक खोदाई का काम रोकने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने क्षतिग्रस्त पटरियों, संपर्क मार्गों और उनके पहुंच मार्गों को दुरुस्त कराने के साथ ही पैचवर्क कराने को कहा। मार्गों पर समुचित सफाई, कूड़े और मलबे का निस्तारण तथा कीटनाशक का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीवर के टूटे ढक्कन बदलने, जाम सीवर और नालियों की सफाई कराने तथा लीकेज की समस्या दूर करने को कहा।

महापौर ने मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने, जरूरत के अनुसार अस्थायी प्रकाश की व्यवस्था करने, आवारा पशुओं को पकड़ने तथा शौचालय और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों और मेलों के दौरान लोगों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, दिनेश सचान, अनिल मौर्य, जलकल के महाप्रबंधक सतीश कुमार, सहायक अभियंता जलकल, जोनल सेनेटरी अधिकारी प्रवीण, अवर अभियंता राम सक्सेना, आकाश सोनकर, पार्षद बब्बन प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी और कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।