प्रयागराज में 25 सितंबर को रोजगार मेला, 3000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका

जसरा में आयोजित रोजगार महोत्सव में करीब 20 निजी कंपनियां सीधे साक्षात्कार लेंगी, चयनित युवाओं को योग्यता और पद के अनुसार ₹10 हजार से ₹30 हजार तक मासिक वेतन मिलने की संभावना है।

प्रयागराज में 25 सितंबर को रोजगार मेला, 3000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका

प्रयागराज, 22 सितंबर । रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज और ईश्वर दीन छेदीलाल इंटर कॉलेज, जसरा के संयुक्त तत्वावधान में 25 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार महोत्सव-2026 आयोजित किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से ईश्वर दीन छेदीलाल इंटर कॉलेज, जसरा, बारा के परिसर में शुरू होगा। इसमें निजी क्षेत्र की करीब 20 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी और तीन हजार से अधिक पदों पर सीधे भर्ती करेंगी।

रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने की संभावना है।

अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने से पहले रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। उन्हें अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र और जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। रोजगार मेले में उपलब्ध पदों, कंपनियों, योग्यता और अन्य आवश्यक जानकारी पोर्टल पर प्राप्त की जा सकती है। मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

सहायक निदेशक सेवायोजन, प्रयागराज राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। बड़ी संख्या में निजी कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार के विभिन्न विकल्प मिलेंगे। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।