घर के अन्दर फंदे से लटका मिला युवक का शव, दरवाजा तोड़कर निकाला गया
घर के अन्दर फंदे से लटका मिला युवक का शव, दरवाजा तोड़कर निकाला गया
प्रयागराज, 05 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाना क्षेत्र के धनूपुर गांव में रविवार को घर के अन्दर एक मजदूर का शव फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने रविवार को बताया कि धनूपुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव (35) मजदूरी करके दो बेटियों और पत्नी बबिता का भरण-पोषण करता था। परिवार के लोगों ने हंडिया थाने को सूचना दिया कि राजेंद्र ने घर के अन्दर दरवाजा बंद करके फांसी लगा ली। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि उसकी पत्नी एक सप्ताह पूर्व अपने मायके चली गई। ऐसे लगता है कि पत्नी से हुए विवाद की वजह से युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।