ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा की मजबूत कड़ी, मानदेय बढ़ाकर 3500 रुपये करना सराहनीय कदम : नन्दी

ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा की मजबूत कड़ी, मानदेय बढ़ाकर 3500 रुपये करना सराहनीय कदम : नन्दी

ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा की मजबूत कड़ी, मानदेय बढ़ाकर 3500 रुपये करना सराहनीय कदम : नन्दी

प्रयागराज, 13 अक्टूबर । ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा की मजबूत कड़ी हैं। वे पुलिस और आम जनता के बीच सेतु का काम करते हैं। गांवों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने और अपराधों की रोकथाम में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

उक्त बात मंगलवार को प्रयागराज पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्राम प्रहरियों का मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस दौरान उन्होंने पुलिस का सहयोग करने और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया।

सुरक्षित गांव ही सुरक्षित प्रदेश का आधार

सम्मेलन को संबोधित करते हुए नन्दी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी गांवों में रहती है। ऐसे में सुरक्षित गांव ही सुरक्षित प्रदेश का आधार हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरी अहम भूमिका निभाते हैं। उनकी सतर्कता और समय पर दी गई सूचनाएं पुलिस प्रशासन के लिए काफी मददगार साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय उनकी सेवाओं को सम्मान देने और उन्हें बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ग्राम प्रहरियों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करता है।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था देशभर में एक उदाहरण के रूप में स्थापित हुई है। इसमें पुलिस बल के साथ ग्राम प्रहरियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका सम्मान अन्य लोगों को भी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

सम्मेलन में महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव एवं सुरेन्द्र चौधरी, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक फाफामऊ गुरुप्रसाद मौर्य, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक बारा वाचस्पति, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त लोकेश एम, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त विजय ढुल तथा पुलिस उपायुक्त सागर जैन, विवेक यादव, सोनम कुमार, मनीष शांडिल्य और कुलदीप गुनावत उपस्थित रहे।

इसके अलावा अपर पुलिस उपायुक्त श्रुति, संचालक डॉ. प्रभाकर त्रिपाठी, राजेन्द्र केसरवानी, पप्पू निमी थरिया सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी मौजूद रहे।