सत्ता के वियोग में व्याकुल और विचलित हैं विपक्ष के नेता : केशव प्रसाद मौर्य
-राहुल गांधी लोकतांत्रिक तरीके से लड़ना चाहते हैं तो जनता की अदालत में आएं : उप मुख्यमंत्री
प्रयागराज, 13 अक्टूबर । विपक्ष के नेता सत्ता से दूर होने के कारण व्याकुल और विचलित हैं। राहुल गांधी यदि लोकतांत्रिक तरीके से लड़ना चाहते हैं तो उन्हें जनता की अदालत में आना चाहिए। देश की सर्वोच्च अदालत को राजनीतिक आंदोलन में खींचने की कोशिश अक्षम्य है।
उक्त बात मंगलवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से फिर सरकार बनाएगी। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस सहित विपक्षी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ें या अलग-अलग, उत्तर प्रदेश में भाजपा की जीत तय है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के आंदोलनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनहित का कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उसके आंदोलन को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य जनसमस्याओं का समाधान करना नहीं, बल्कि किसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता विपक्ष की इस राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
उच्चतम न्यायालय को आंदोलन में घसीटना गलत
राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ उच्चतम न्यायालय जाने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने और अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक आंदोलन का हिस्सा बनाने का प्रयास उचित नहीं है। राहुल गांधी को अपनी बात जनता के बीच रखनी चाहिए। उन्होंने इस कदम की निंदा करते हुए कहा कि जनता समय आने पर ऐसे राजनीतिक रवैये का जवाब देगी।
2027 में भाजपा की फिर सरकार बनने का दावा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी किसी परिवार की जागीर नहीं है और न ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद किसी परिवार के लिए आरक्षित है। उन्होंने गांधी परिवार और सैफई परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता अपने मताधिकार से सरकार चुनती है। भाजपा को जनता ने जनादेश दिया है और पार्टी जनसेवा के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार जनता की सेवा करती है और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखती है, उसे जनता बार-बार आशीर्वाद देती है। इसी आधार पर उन्होंने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का विश्वास जताया। उन्होंने पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनने तथा उत्तराखंड और गोवा में दोबारा सत्ता में आने का दावा किया।
शिक्षक एमएलसी की सभी 11 सीटें जीतने का भरोसा
केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सभी 11 सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों की जीत के लिए प्रयासरत है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके साथ खनन, भू-माफिया और शिक्षक माफिया जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन चुनाव की तैयारियों में जुटा है और पार्टी को जनता का समर्थन मिल रहा है।
पत्रकार वार्ता में काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं इलाहाबाद-झांसी स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, एमएलसी बाबूराम तिवारी, विधायक पीयूष रंजन निषाद, प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, विजय द्विवेदी, कुश श्रीवास्तव, शैलेश पटेल, विक्रमजीत भदौरिया, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, उमेश तिवारी और दिलीप चतुर्वेदी