सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी ने की आत्महत्या, अन्य मामलों में चार लोगों ने की खुदकुशी
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पत्नी ने की आत्महत्या, अन्य मामलों में चार लोगों ने की खुदकुशी
नोएडा, 07 जुलाई । जिले की थाना बादलपुर क्षेत्र के अच्छेजा गांव में ब्याही एक 24 वर्षीय महिला का शव पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के ससुराल वालों का कहना है कि उन्होंने आत्महत्या किया है। इसी तरह अन्य मामलों में चार लोगों ने खुदकुशी की हैं।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राम अच्छेजा निवासी सोनू पासवान की पत्नी सोनी (24) का शव सोमवार की रात को उनके घर पर पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि
मृतका के पति सोनू सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। वह किसी काम से बाहर था। मृतका के मायके वालों ने पुलिस को बताया कि सोनू पासवान से शादी से पूर्व महिला की शादी सोनू के बड़े भाई से हुई थी। उनकी बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। उसके बाद तीन माह पहले ही दोनों परिवार की रजामंदी से सोनी की शादी उसके देवर से करवा दी थी। पहले पति से उसका एक बेटा है। घटना के समय बेटा भी घर पर मौजूद था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान मृतका के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने आत्महत्या किया है। पुलिस मामले की जांच करेगी।
युवक ने फांसी लगाई
थाना प्रभारी मुनेद्र कुमार सिंह ने बताया कि चिपियाना हुजुर्ग के पंचशील कॉलोनी में रहने वाले जयपाल सिंह (38) ने बीती रात को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसी तरह एक अन्य मामले में पुराना हैबतपुर निवासी ओमप्रकाश तिवारी (16) की बेटी लक्ष्मी तिवारी ने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ जिले के रहने वाले अंकित कुमार की पत्नी प्रियंका ( 24) ने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उनको उपचार के लिए जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा मनीषा सिंह पहुंची। उनकी मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वही जनपद बुलंदशहर के रहने वाले विकास की पत्नी डॉली (33) ने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।