मीरजापुर में ट्रेन की चपेट में आने से 74 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

जिगना थाना क्षेत्र के रनोपट्टी गांव के सामने शुक्रवार सुबह प्रयागराज-मीरजापुर रेलमार्ग पर हादसा हुआ। मृतक की पहचान रामसुमेर बिन्द के रूप में हुई, जो वर्ष 2012 में रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे।

मीरजापुर में ट्रेन की चपेट में आने से 74 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

मीरजापुर, 02 अक्टूबर । जिगना थाना क्षेत्र के रनोपट्टी गांव के सामने शुक्रवार सुबह डाउन लाइन पर अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजन में कोहराम मच गया।

गांव निवासी रामसुमेर बिन्द (74) रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे प्रयागराज-मीरजापुर रेलमार्ग पार कर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान वह डाउन लाइन पर आ रही अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

रेलवे लाइन पार कर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे मृतक के बेटे अजय उर्फ बल्लू बिन्द ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की।

रामसुमेर बिन्द वर्ष 2012 में रेलवे में गैंगमैन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह अपने पीछे दो विवाहित बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। सूचना पर पहुंची जिगना पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।