रक्त की धार से मिटेंगी दूरियां, इंसानियत के रिश्ते होंगे मजबूत

- रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं, जिंदगी बचाने की मुहिम में साथ आया शहर - विश्व बंधुत्व के संदेश के साथ उतरा मानवता का कारवां, रक्तदान के लिए किया प्रेरित

रक्त की धार से मिटेंगी दूरियां, इंसानियत के रिश्ते होंगे मजबूत

मीरजापुर, 20 अगस्त । विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज की ओर से गुरुवार काे निकाली गई जन-जागरूकता रैली को नपा अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने डंकीनगंज स्थित ब्रह्माकुमारीज उप सेवा केंद्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल लोगों ने शहरवासियों से रक्तदान को लेकर डर और भ्रांतियां छोड़कर आगे आने की अपील की। डंकीनगंज से निकला कारवां गणेश मंदिर, तुलसी चौक, धुंधी कटरा, बसनहीं बाजार, घंटाघर, वासलीगंज और आर्यकन्या होते हुए वापस केंद्र पहुंचा। रास्ते भर स्वयंसेवकों ने पर्चे बांटकर लोगों को जागरूक किया। संदेश साफ था- रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, यह केवल इंसान ही इंसान को दे सकता है।

ब्रह्माकुमारीज प्रभारी बीके बिंदु दीदी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत 21 अगस्त को जीडी बिनानी कालेज भरुहना में सुबह 10 से शाम चार बजे तक रक्तदान शिविर लगेगा। 22 और 23 अगस्त को प्रभु उपहार भवन ब्रह्माकुमारीज शुक्लहा में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक और 24 अगस्त को बीएचयू साउथ कैंपस बरकछा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। विंध्य फाउंडेशन ट्रस्ट, राउंड टेबल और राबिन हुड आर्मी सहित विभिन्न संस्थाएं अभियान में सहयोग कर रही हैं। शिव इंटर कालेज की एनसीसी टीम और बैंड ने भी रैली में सहभागिता कर उत्साह बढ़ाया।

ब्रह्माकुमारीज ने नगरवासियों से अपील की, कि रक्तदान को लेकर अनावश्यक डर न रखें। आपका दिया एक यूनिट रक्त किसी मां की गोद बचा सकता है, किसी बच्चे के सिर से पिता का साया बचा सकता है और किसी परिवार की बुझती उम्मीद को फिर रोशन कर सकता है। रैली में कृष्णानंद हैहयवंशी, अभिषेक साहू, विनय कुमार, आकाश तिवारी, निशांत गुप्ता, आशुतोष दुबे, शिवम जायसवाल, अंश अनंत, अभिषेक सिंह, वीरेंद्र कुमार आदि थे।