हेमा मालिनी ने रेलवे GM से की कई ट्रेनों के ठहराव की मांग, 12 प्रस्तावों पर जल्द कार्रवाई का आग्रह

मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस के स्टॉपेज से लेकर वंदे भारत के विस्तार तक मांग, ROB, अंडरपास, फुट ओवरब्रिज और स्टेशन सुविधाओं को लेकर भी सुझाव

हेमा मालिनी ने रेलवे GM से की कई ट्रेनों के ठहराव की मांग, 12 प्रस्तावों पर जल्द कार्रवाई का आग्रह

मथुरा, 08 अक्टूबर। मथुरा सांसद और प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी ने गुरुवार उत्तर मध्य रेलवे (आगरा मंडल) से संबंधित मथुरा संसदीय क्षेत्र में रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए रेलवे प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। सांसद ने उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस के ठहराव सहित कुल 12 प्रमुख सुझावों पर जल्द कार्यवाही की मांग की है।

सांसद ने मथुरा जंक्शन पर गतिमान एक्सप्रेस के ठहराव को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि यह मांग पूर्व में भी रखी जा चुकी है। इसके अलावा उन्होंने आगरा कैंट से वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20175/20176) का विस्तार मथुरा जंक्शन तक करने का सुझाव दिया है।

पत्र में मथुरा को अलीगढ़ से रेल मार्ग द्वारा सीधे जोड़ने के लिए मथुरा जंक्शन-हाथरस-कासगंज लाइन को उत्तर मध्य रेलवे के मंड से अलीगढ़ की ओर जोड़ने के प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति मांगी गई है। वहीं, शहर में बढ़ते यातायात को देखते हुए धौली प्याऊ स्थित रेलवे फाटक संख्या 357 और 358 पर रेल ओवरब्रिज निर्माण की जोरदार मांग की गई है।

सांसद ने नए बस स्टैंड और भूतेश्वर अंडरपास की कम चौड़ाई के कारण लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए दोनों अंडरपास को चौड़ा करने की बात कही है। साथ ही मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग की जगह सड़क बनाने के प्रस्ताव तथा गोपाल नगर की ओर नए बस स्टैंड से हाईवे को जोड़ने वाले 30 मीटर चौड़े मार्ग के लिए रेलवे भूमि की डीलिजिंग प्रक्रिया की स्थिति से अवगत कराने को कहा है।

मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या 1, 2, 8, 9 और 10 को आपस में जोड़ने के लिए नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण तथा जंक्शन के तीनों प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अतिरिक्त मथुरा जंक्शन, छाता, कोसीकलां और गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था बेहतर करने और पर्याप्त कूड़ेदान स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया है।