कौशाम्बी में सनसनी: मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत नाजुक
कौशाम्बी: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला आलमचंद गांव, पूर्व प्रधान को मारी 4 गोलियां
कौशाम्बी। जनपद के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हररायपुर चौकी के अंतर्गत आने वाले आलमचंद गांव के पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान घात लगाकर हमला
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला (पुत्र स्वर्गीय सुंदरलाल उर्फ बुद्धन) रोज की तरह सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही वह गांव के बाहर महेश्वरी प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज के पीछे पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
शरीर में लगीं 4 गोलियां, हमलावर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, हमलावरों ने मनोज कुमार को निशाना बनाते हुए चार गोलियां मारीं। गोलीबारी की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर दौड़कर पहुंचे, तब तक हमलावर बाइक से फरार होने में कामयाब हो चुके थे। पूर्व प्रधान को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्रयागराज के SRN अस्पताल में इलाज जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल पूर्व प्रधान को आनन-फानन में प्रयागराज के एसआरएन (SRN) अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में जीवन-मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ चायल अभिषेक सिंह, फोरेंसिक टीम और संदीपन घाट थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से चार कारतूस के खोखे बरामद किए हैं।