कानपुर देहात में वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अकबरपुर में पैदल मार्च किया; आयोग ने लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।

कानपुर देहात में वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका



कानपुर देहात, 28 सितंबर

। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर कानपुर देहात जनपद में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 02 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं ने अकबरपुर फ्लाईओवर के नीचे से तहसील परिसर तक विरोध पैदल मार्च निकाला।

कांग्रेस कार्यकर्ता यहां से तहसील परिसर के मुख्य द्वार पर पहुंचे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दाैरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष अम्बरीष सिंह गौर ने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए जाते और उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने नए वोटरों के रजिस्ट्रेशन, वोटर लिस्ट से नाम जोड़ने-काटने, फॉर्म-06 और आईटी सिस्टम जैसी प्रक्रियाओं पर 14 से अधिक बार आपत्तियां जताई थीं।

कांग्रेस ने इस पूरी प्रक्रिया की नए सिरे से समीक्षा करने की मांग की है। जबकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्हाेंने कहा कि दोनों आयुक्तों द्वारा दी गई सलाह और सवाल सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा थे। आयोग के अनुसार, मतदाता सूची पुनरीक्षण समेत सभी फैसले तीनों आयुक्तों की आपसी सहमति और सर्वसम्मति से ही लिए गए हैं।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश कटियार, वाजिद कुरैशी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मनोरमा शंखवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।--------------