आईआरसीटीसी भारत गौरव ट्रेन से 4 ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा, 17 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग यात्रा

प्रयागराज संगम सहित कई स्टेशनों से यात्री कर सकेंगे सफर

आईआरसीटीसी भारत गौरव ट्रेन से 4 ज्योतिर्लिंग और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा, 17 अगस्त से शुरू होगी बुकिंग यात्रा

प्रयागराज, 06 अगस्त । इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की ओर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से चार ज्योतिर्लिंगों एवं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह ट्रेन 17 अगस्त से 26 अगस्त 2026 तक 9 रात और 10 दिन की यात्रा पर रहेगी।

उक्त जानकारी गुरुवार को आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक लखनऊ अजीत कुमार सिन्हा ने दी। उन्होंने बताया कि यह विशेष ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन से संचालित होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ-साथ द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, सिग्नेचर ब्रिज और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी भ्रमण कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन गोरखपुर, मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशनों पर यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा प्रदान करेगी। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि यात्रा पैकेज में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी श्रेणी में रेल यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, सुबह का नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शुद्ध शाकाहारी भोजन तथा स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए एसी एवं नॉन-एसी बसों की सुविधा शामिल है।

उन्होंने बताया कि स्लीपर श्रेणी का किराया 18,380 रुपये, थर्ड एसी का 29,570 रुपये तथा सेकेंड एसी का 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए एलटीसी (LTC) और ईएमआई (EMI) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। अमित मालवीय ने बताया कि इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी के पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी और आरक्षण के लिए मोबाइल नंबर 9305111765, 9236391923, 9236391908, 8287930908, 8303555714, 8287930926 एवं 9415042930 पर संपर्क किया जा सकता है।