GSVM मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी, कम चीरे से होगा रीढ़ की बीमारियों का इलाज

कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के ऑर्थोपेडिक्स विभाग में आधुनिक एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी की सुविधा शुरू हुई। पहली सर्जरी सफल रही और मरीज को दूसरे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

GSVM मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी, कम चीरे से होगा रीढ़ की बीमारियों का इलाज

कानपुर, 25 सितंबर । गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज के ऑर्थोपेडिक्स विभाग में स्पाइन से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए आधुनिक एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। इस तकनीक से कम चीरे के जरिए रीढ़ की सर्जरी की जा सकेगी।

इसी क्रम में बीते सोमवार को डॉ. रवि गर्ग की देखरेख में भर्ती महिला मरीज की एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। ऑपरेशन में डॉ. गर्ग के साथ डॉ. चंदन कुमार और डॉ. विश्वजीत सिंह की भूमिका रही। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. मीनाक्षी और डॉ. रत्नेश ने सहयोग किया।

डॉ. रवि गर्ग ने जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी में छोटे चीरे के जरिए रीढ़ की समस्या का उपचार किया जाता है। इससे आसपास के ऊतकों को अपेक्षाकृत कम नुकसान पहुंचता है और मरीज को ऑपरेशन के बाद कम दर्द, कम रक्तस्राव तथा जल्द चलने-फिरने में मदद मिल सकती है। इस तकनीक से अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि भी कम होने की संभावना रहती है।

सर्जरी के बाद मरीज की हालत सामान्य रही और उसे ऑपरेशन के दूसरे दिन ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मेडिकल कॉलेज में इस तकनीक की शुरुआत से रीढ़ की समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को आधुनिक और कम इनवेसिव सर्जिकल उपचार का विकल्प मिल सकेगा। विभाग की ओर से इसे स्पाइन सर्जरी की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया है।