गोरखपुर में NCC कैडेट्स का गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन, वरिष्ठ अफसरों ने किया शिविर का निरीक्षण

महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में चल रहे IGC-RDC शिविर में रायफल ड्रिल, कदमताल, शारीरिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता का कराया जा रहा अभ्यास

गोरखपुर में NCC कैडेट्स का गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन, वरिष्ठ अफसरों ने किया शिविर का निरीक्षण

गोरखपुर, 09 अक्टूबर । महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (एमजीयूजी) में एनसीसी के गोरखपुर मुख्यालय द्वारा आयोजित आईजीसी आरडीसी शिविर में गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्कृष्ट कैडेट्स के चयन की प्रक्रिया जारी है। शिविर में प्रतिभागी कैडेट्स को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परेड के अनुरूप तैयार करने के लिए रायफल ड्रिल, डीएसटी, शैडो ड्रिल, कदमताल, शारीरिक दक्षता, सामूहिक एकरूपता, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है।

ड्रिल चयन प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों का निरीक्षण करने पहुंचे कर्नल जयशंकर चौधरी ने कहा कि कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व, सांस्कृतिक चेतना और सामूहिक एकता के समन्वय से कैडेट्स को गणतंत्र दिवस परेड के उच्च मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसी क्रम में कर्नल अमूल्य प्रताप सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता प्रत्येक एनसीसी कैडेट के लिए गौरव, सम्मान और राष्ट्रसेवा का विशिष्ट अवसर होगी। कर्नल अनूप सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड देश की सैन्य परंपरा, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक है। शिविर में लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी और एमजीयूजी के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. संदीप कुमार श्रीवास्तव ने भी कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।