बीएचयू के वैज्ञानिकों ने खोजा कवक का नया वंश, औषधीय गुणों की संभावनाओं से बढ़ी अहमियत
बीएचयू के वैज्ञानिकों ने खोजा कवक का नया वंश, औषधीय गुणों की संभावनाओं से बढ़ी अहमियत
वाराणसी, 18 नवंबर। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के वैज्ञानिकों ने कवक जैव विविधता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के शोधकर्ताओं ने कवक के एक नए वंश (जीनस) की खोज कर उसे ‘पेड्रोक्रूसियोप्सिस’ नाम दिया है। इस नए वंश का नामकरण विश्वविख्यात कवक वैज्ञानिक प्रोफेसर पेड्रो विलेम क्रूस के सम्मान में किया गया है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित कुसमी जंगल से प्राप्त इस कवक में संभावित औषधीय गुणों वाले जैव-सक्रिय रासायनिक यौगिकों की मौजूदगी भी सामने आई है। इससे भविष्य में औषधीय एवं जैव-प्रौद्योगिकी अनुसंधान की नई संभावनाएं खुली हैं।
यह कवक वर्ष 2022 में गोरखपुर के कुसमी जंगल में होलोप्टेलिया इंटेग्रिफोलिया नामक पौधे की रोगग्रस्त पत्तियों से एकत्र किया गया था। यह एक असामान्य पर्ण-आश्रित हाइफोमाइसीटस कवक है। इसके विशिष्ट आकारिकीय और सूक्ष्म संरचनात्मक लक्षणों के आधार पर शोधकर्ताओं ने इसे एक नए वंश के रूप में स्थापित किया है।
इस शोध का नेतृत्व बीएचयू के वनस्पति विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने किया। शोध दल में उनके शोधार्थी सौम्यदीप राजवार, जयप्रकाश, संजीत कुमार वर्मा, संजय यादव और अमन गुप्ता के साथ गोरखपुर की गार्गी सिंह शामिल रहीं। इसके अलावा बीएचयू के रसायन विज्ञान विभाग के डॉ. कमलेश कुमार ने भी शोध में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
—आधुनिक तकनीकों से की गई नए कवक की पहचान
डॉ. राघवेंद्र सिंह के अनुसार, नए कवक वंश की वैज्ञानिक पहचान के लिए शोधकर्ताओं ने आधुनिक आणविक तकनीकों, डीएनए बारकोडिंग, जीन विश्लेषण और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी का सहारा लिया। आणविक, आकारिकीय और सूक्ष्म संरचनात्मक विशेषताओं के संयुक्त अध्ययन से इसकी विशिष्ट पहचान स्थापित की गई। यह शोध आधुनिक बहुविध वर्गिकी (मल्टीफेजिक टैक्सोनॉमी) के माध्यम से भारत में मौजूद अब तक अनदेखी कवक विविधता को सामने लाने का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
—औषधीय अनुसंधान के लिए संभावनाशील कवक
इस खोज का सबसे महत्वपूर्ण पहलू नए कवक वंश में पाए गए जैव-सक्रिय द्वितीयक उपापचयों (बायोएक्टिव सेकेंडरी मेटाबोलाइट्स) की मौजूदगी है। शोध में ऐसे रासायनिक घटकों की पहचान की गई है, जिनमें एंटीफंगल, एंटीबैक्टीरियल, एंटीकैंसर, एंटीबायोफिल्म और इम्यूनोमॉड्यूलेटरी जैसी जैविक गतिविधियां प्रदर्शित करने की संभावनाएं हैं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इन यौगिकों की मौजूदगी इस नए कवक वंश को औषधीय और जैव-प्रौद्योगिकी अनुसंधान के लिहाज से एक संभावनाशील प्राकृतिक संसाधन बनाती है। हालांकि, इनके वास्तविक औषधीय प्रभावों और चिकित्सकीय उपयोगिता की पुष्टि के लिए आगे विस्तृत प्रयोगात्मक एवं नैदानिक अनुसंधान की आवश्यकता होगी।
—अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका में प्रकाशित हुआ शोध
बीएचयू के वैज्ञानिकों का यह शोध 17 नवंबर 2026 को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘माइकोलॉजिकल प्रोग्रेस’ में प्रकाशित हुआ है। यह पत्रिका जर्मन माइकोलॉजिकल सोसाइटी से संबद्ध है और कवक विज्ञान के क्षेत्र में प्रतिष्ठित Q1 श्रेणी की शोध पत्रिका मानी जाती है।
वैज्ञानिकों की यह उपलब्धि भारत की समृद्ध, लेकिन अब तक काफी हद तक अनछुई कवक जैव विविधता के वैज्ञानिक अन्वेषण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल कवक वर्गिकी के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा है, बल्कि प्राकृतिक जैव-सक्रिय यौगिकों की खोज और भविष्य में संभावित औषधीय अनुप्रयोगों के लिए भी नए रास्ते खुले हैं।