शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में काम कर रहा भाऊराव देवरस सेवा न्यास
शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई क्षेत्रों में काम कर रहा भाऊराव देवरस सेवा न्यास
लखनऊ, 20 नवंबर । अपना संपूर्ण जीवन तिल-तिल कर होम करके स्वयं प्रेरणा ज्योति बनकर अनगिनत ज्योतिर्मय पुरुषों को गढ़ने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक भाऊराव देवरस के कार्य को विस्तार देने के लिए उनके नाम पर बनाया गया भाऊराव देवरस सेवा न्यास आज समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। भाऊराव देवरस चाहते थे कि साधारण जनों, विशेषतः वनवासी, झुग्गी-झोपड़ीवासी, जनजातियों एवं सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से अविकसित तथा उपेक्षित वर्ग के लोगों को समुचित शिक्षा तथा संस्कार देते हुये, उनके जीवन स्तर को ऊपर उठा कर उन्हें राष्ट्र-जीवन की मुख्यधारा में सम्मिलित करने हेतु प्रयास किये जायें और न्यास भी उनके उद्देश्याें की पूर्ति के लिए तत्पर है।
प्रेरणा पुंज भाऊराव देवरस का परिचय
जिस दूर दृष्टि-सम्पन्न तेजस्वी महानुभाव ने अनेक राष्ट्रीय प्रकल्पों का आरंभ कर उन्हें देशव्यापी प्रभावी स्वरूप प्रदान किया, ऐसे राष्ट्र के प्रेरणा-पुरुष थे भाऊराव जी देवरस। केवल 10 वर्ष की आयु में वे संघ-निर्माता डॉ. हेडगेवार के संपर्क में आये। डाक्टर जी ने किशोर देवरस के भीतर छिपी अनंत प्रतिभा को पहचाना और सन् 1937 में उन्हें संघकार्य के विस्तार के लिए उत्तर प्रदेश भेज दिया। लखनऊ विश्वविद्यालय से बी. काम, एल-एल.बी. की परीक्षाएँ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं, स्वर्ण पदक प्राप्त किया, छात्रसंघ अध्यक्ष बने, नेताजी सुभाषचंद्र बोस से उसका उद्घाटन कराया-ये सभी कार्य उनकी वैयक्तिक गरिमा की छाप तो छोड़ते ही हैं परन्तु उनका उद्देश्य था संघ-कार्य की भूमिका बनाना। और तब, उत्तर प्रदेश के प्रत्येक बड़े नगर और फिर गाँव-गाँव संघ की शाखाएँ आरंभ हुईं। संघ का कार्य है राष्ट्र-दृष्टि से समर्पित व्यक्तियों का संगठन। दीप से दीप जलाना, आचरण से आचरण उत्पन्न करना। भाऊराव जी ने ऐसे असंख्य ध्येयनिष्ठ स्वयंसेवकों को प्रेरित किया, जिनमें पं. दीनदयाल उपाध्याय, नाना जी देशमुख, रज्जू भैया, अटलबिहारी वाजपेयी, बापूराव मोघे, सुंदरसिंह भंडारी जैसे राष्ट्रीय स्तर के कई नाम भी हैं।
भाऊराव जी के जीवन में समाज को संगठित, एकरस एवं समरस बनाने की अपूर्व चाह थी। उनके हृदय में समाज के निर्बल, पिछड़े हुए, वनवासी, गिरिजन, ग्रामीण, अभावग्रस्त, दीन-हीन, दुःखी महिलायें, अनाश्रित वृद्ध, अनपढ़ बालक, रोगी, पीड़ित सभी के लिए अपार मानवीय करुणा थी। कश्मीर के विस्थापितों की चर्चा कर उनका गला रुंध जाता था । पंजाब, पूर्वांचल, दक्षिण जहाँ-जहाँ उन्हें पीड़ा दिखाई देती, वे व्यग्र हो जाते । भूकप-पीड़ितों के लिए समाज और कार्यकताओं को तत्पर करते। उनकी दृष्टि सब ओर थी। समाचार पत्रों की वृंखला उन्होंने प्रेरित की, विद्यार्थी परिषद के वे प्रेरक मार्गदर्शक थे, सन् 1952 में सरस्वती शिशु मन्दिर की प्रथम स्थापना गोरखपुर में उन्हीं की प्रेरणा से हुई। बाद में इसका राष्ट्रव्यापी विस्तार हुआ। निर्बल वर्ग इससे लाभ उठाये, इसके लिए 'एकल शिक्षक विद्यालय' तथा 'संस्कार केन्द्र' उन्हीं की योजना से चले। राजनीति को भी जनहितकारी बनाने का उन्होंने प्रयोग किया। चिकित्सा क्षेत्र में भी सेवाकार्य की उन्होंने प्रेरणा दी। विश्व में रहने वाले करोड़ों हिन्दुओं के प्रेरणास्रोत थे। सच तो यह है कि उन्होंने जितना कुछ किया, जो संस्थायें, परम्परायें राष्ट्र को दीं, उन सबके रूप में 13 मई 1992 को पार्थिव शरीर छोड़ देने के बाद भी उनके प्रेरणादायी कार्य विचार संगठनों के बीच सदा विद्यमान रहेगी ।
भाऊराव देवरस सेवा न्यास का गठन
अटल बिहारी वाजपेयी की अध्यक्षता में न्यास का गठन दिनांक 29 दिसम्बर 1993 को हुआ। इस पंजीकृत न्यास का कार्यक्षेत्र सम्पूर्ण भारत है तथा केन्द्रीय कार्यालय लखनऊ में है।
भाऊराव देवरस सेवा न्यास के उद्देश्य
सेवा-न्यास के मूल उद्देश्यों में सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से पीड़ित, शोषित तथा उपेक्षित वर्ग के लोगों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संस्कार-केन्द्रों के माध्यम से विविध सेवा-प्रकल्पों की योजना बना कर उन्हें संचालित करना है। इन क्षेत्रों में सेवा एवं समर्पण भाव से कार्य करने, जन साधारण को प्रेरित करने आदि के लिए कार्यकर्त्ताओं की एक बड़ी टीम की आवश्यकता है। उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था कर सभी प्रकार की सहायता प्रदान करना न्यास का उद्देश्य है। सामाजिक पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं के योग-क्षेम की चिन्ता भी उसमें सम्मिलित है। न्यास भारतीय-संस्कृति एवं राष्ट्रीय विचारों पर आधारित शिक्षण एवं सामाजिक संस्थाओं का संचालन स्वयं करेगा और इस प्रकार की चलती हुई संस्थाओं को संरक्षण एवं सहायता भी प्रदान करेगा। न्यास के कार्यकर्ता यथासम्भव सभी उपेक्षित क्षेत्रों, वन्य, पहाड़ी अंचलों में जाकर वहाँ के अशिक्षित निवासियों के सभी प्रकार के शोषण को रोकने के लिए वातावरण बनायेंगे, कारगर उपाय करेंगे एवं उन्हें राष्ट्र-जीवन की मुख्य धारा से जोड़ने में अपना योगदान करेंगे ।
इन उपेक्षित क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के प्रति जन-चेतना के जागरण हेतु न्यास द्वारा साहित्य, आडियो-वीडियो कैसेट आदि का निर्माण किया जायेगा तथा प्रदर्शनियों, संगोष्ठियों, प्रवचनों, दृश्य-प्रदर्शनों आदि के माध्यम से कार्यकर्त्ता-गण उनमें जागरण उत्पन्न करेंगे । अपने उद्देश्यों की पूर्ति के लिए न्यास समय-समय पर आवश्यक निर्णय लेता रहेगा।
न्यास की गतिविधियाँः
संस्कार-केन्द्र एवं शिक्षा
भाऊराव देवरस सेवा न्यास विद्याभारती द्वारा निर्बल एवं उपेक्षित बस्तियों में चलाये जा रहे विद्यालयों एवं संस्कार केन्द्रों के प्रोत्साहन पर ध्यान देता रहा है। न्यास ने सन् 1994-95 में ही भाऊराव देवरस जी की पुण्यतिथि 13 मार्च 1994 को लखनऊ के 'रवीन्द्रालय प्रेक्षागार में निःशुल्क शिक्षा के माध्यम से संचालित केन्द्रों का एक विशाल शैक्षिक सम्मेलन किया। इसमें गोविन्द नारायण मिश्र, पूर्व निदेशक, बेसिक शिक्षा उ०प्र० एवं डॉ० देवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो० काशी हिन्दू विश्वविद्यालय पधारे । पुनः 11 मार्च 95 को अटल बिहारी वाजपेयी के सान्निध्य में भव्य शैक्षिक सम्मेलन एवं रंगमंचीय कार्यक्रम निराला नगर में संपन्न हुआ। न्यास प्रति वर्ष अपने शिक्षा सम्बन्दी कार्यक्रमों को विभिन्न माध्यमों से पुरस्कृत करता आ रहा है।
भाऊराव देवरस छात्रवृत्ति/सहायता
न्यास द्वारा उत्तर प्रदेश में शैक्षिक गतिविधियों के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश एवं सुदूर क्षेत्रों के चयनित मेधावी छात्रों को छात्र-वृत्ति देकर उन्हें शिक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। सन् 1995-96 से ही भारतीय शिक्षा परिषद के माध्यम से कक्षा पंचम एवं अष्टम के छात्रों को, साथ ही कश्मीर के विस्थापित एवं वनवासी क्षेत्र एवं पूर्वांचल के छात्रों को प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख रू० से 8 लाख रू० के मध्य की छात्रवृत्तियां प्रदान नकी की जा जा रही हैं। वर्ष 2017-18 तक 734 छात्रों को छात्रवृत्तियाँ प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रतिवर्ष न्यास लगभग 10-12 संस्थाओं को 2 लाख तक की सहायता प्रदान करता है।
स्वास्थ्य सेवा प्रकल्प
भाऊराव देवरस सेवान्यास के सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण प्रकल्प 'स्वास्थ्य सेवा प्रकल्प का गठन दिनांक 22 जुलाई, 1994 को, वरिष्ठ न्यासी ब्रह्मदेव शर्मा 'भाई जी' के संरक्षण में सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर 100 युवा चिकित्सकों को देश के महान विचारक, चिन्तक, सामाजिक-राजनैतिक व्यक्तित्व के धनी पूर्व प्रधानमंऋी भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने सम्बोधित कर मार्गदर्शन किया।
भाऊराव देवरस चाहते थे कि साधारण जनों, विशेषतः वनवासी, झुग्गी-झोंपड़ी-वासी, जनजातियों एवं सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टि से अविकसित तथा उपेक्षित वर्ग के लोगों को समुचित शिक्षा तथा संस्कार देते हुये, उनके जीवन स्तर को ऊपर उठा कर उन्हें राष्ट्र-जीवन की मुख्यधारा में सम्मिलित करने हेतु प्रयास किये जायें; इसी प्रेरणा से न्यास की स्थापना का संकल्प किया गया और इसका नाम रखा गया- भाऊराव देवरस सेवा न्यास।