गोरखपुर थप्पड़ कांड पर अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, सपा की जिला-महानगर कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठन भंग

प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ मारपीट के आरोपों के बाद पार्टी नेतृत्व ने संगठन में व्यापक बदलाव का फैसला लिया। जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम और महानगर अध्यक्ष भी पद से हटाए गए।

गोरखपुर थप्पड़ कांड पर अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, सपा की जिला-महानगर कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठन भंग

लखनऊ, 04 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी (सपा) के गोरखपुर कार्यक्रम में शनिवार को हुई थप्पड़ मारने की घटना के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर की पूरी जिला -महानगर कार्यकारिणी भंग कर दी है। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम और महानगर अध्यक्ष को भी पद से हटा दिया है। पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों और विंग के पदाधिकारियों को भी हटाने का निर्णय लिया गया है।

यह कार्रवाई शनिवार को पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में हुए विवाद के बाद की गई है। उल्लेखनीय है कि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में शनिवार को सपा की प्रेस वार्ता के दौरान बैठने की जगह को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला कहासुनी से हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना साहनी के साथ मारपीट की गई और उन्हें थप्पड़ मारा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया। विवाद के बाद पार्टी ने अंशुमान सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित कर दिया था।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निजी सचिव गंगा राम ने उक्त कार्रवाई के संबंध में रविवार को पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने गोरखपुर की घटना को गंभीरता से लिया है और संगठन में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता के तहत गोरखपुर की सभी सभी फ्रंटल संगठनों और विंग के पदाधिकारियों को हटा दिया गया है।

अब जिला कार्यकारिणी, जिला और महानगर स्तर के प्रमुख पदाधिकारियों तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों को हटाए जाने के बाद गोरखपुर में सपा संगठन का नए सिरे से गठन किया जाएगा।

---------------