जन जन तक पहुंचाए योग: प्रो. रमेश मणि त्रिपाठी
जन जन तक पहुंचाए योग: प्रो. रमेश मणि त्रिपाठी
जौनपुर, 19 जून । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के पांचवें दिन, गुरुवार को कुटीर चक्के महाविद्यालय में एक विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर रमेश मणि त्रिपाठी और लोक गीत गायक रविन्द्र सिंह ज्योति ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रोफेसर त्रिपाठी और रविन्द्र सिंह ज्योति ने संयुक्त रूप से उपस्थित योग साधकों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां से योग में प्रशिक्षित हो रहे योग शिक्षकों पर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्हें योग को एक महाअभियान के रूप में जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने योग शिक्षकों को लोगों को स्वस्थ और खुशहाल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने बच्चों को बचपन से ही योग की संस्कारशाला में शामिल करने पर जोर दिया, जिससे एक स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण किया जा सके।
पतंजलि योग समिति, उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति के मार्गदर्शन में विकास योगी, जगदीश यादव, अर्जुन सिंह, त्रियंबकम मिश्रा, अरविन्द कुमार, राजकुमार और कुलदीप योगी द्वारा विभिन्न रोगों और शारीरिक अवस्थाओं के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल का भी अभ्यास कराया गया।
अचल हरीमूर्ति ने योग निद्रा और ध्यान का अभ्यास कराते हुए उनसे होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने उपवास और उपासना के योग में महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आहार पूर्णतः सात्विक होने पर ही उपासना के तहत ध्यान अपनी चरम सीमा तक पहुंच सकता है। लम्बे समय तक आसन, ध्यान और प्राणायामों का अभ्यास करने से शरीर में विशेष प्रकार के हार्मोन्स का निर्माण होता है, जो व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता के साथ-साथ उसकी ऊर्जा के स्तर को भी बढ़ाता है। परिणामस्वरूप, व्यक्ति की कर्मेंद्रियां और ज्ञानेन्द्रियां एकीकृत होकर एक सकारात्मक दिशा में सक्रिय हो जाती हैं और व्यक्ति का चित्त और चेतना उच्चतम स्तर पर पहुंच जाते हैं। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डॉ. कमल ने जिले में योगाभ्यास को व्यापक रूप से फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी शशिभूषण यादव, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सत्येन्द्र अग्रहरि, शरद कुमार, दीपक श्रीवास्तव, आयुष विभाग के विशेष चिकित्सक डा. विमल कुमार, डा. सुजीत श्रीवास्तव, डा. स्तुति साहनी, डा. अनिल सिंह, योग प्रशिक्षक कुलदीप योगी, प्रियंका राजपूत, विकास यादव, त्रियंबकम मिश्रा, क्षमा सिंह, रजनी साहू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।