उप्र सरकार का हिंदुजा ग्रुप के साथ हुआ एमओयू
उप्र सरकार का हिंदुजा ग्रुप के साथ हुआ एमओयू
लखनऊ, 09 मार्च । उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का प्रदेश में निवेश कराने पर विशेष जोर है। सोमवार को शहर के होटल रेनेसां में आयोजित एमओयू साइन सेरेमनी में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की उपस्थिति में प्रोजेक्ट गंगा के तहत 20 लाख ग्रामीण और अर्धशहरी घरों में ब्रॉडबैंड पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार और हिंदुजा ग्रुप के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि आज का यह विशेष कार्यक्रम सबके लिए रुचिकर है। आज उप्र हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। खासतौर पर विकास के क्षेत्र में। हम सब अच्छी तरह से जानते हैं कि देश के आगे बढ़ने में कहां कमी रह गयी। हम सब में ज्ञान, आईक्यू और परिश्रम में कोई कमी नहीं है। तकनीक के क्षेत्र में हम पिछड़ गए। इसीलिए विकासशील देश कहलाते हैं। पिछले 10-11 साल में देश का और नौ साल में उप्र प्रदेश के प्रति जनता की धारणा बदली है। हिंदुजा ग्रुप देश के लीडिंग ग्रुप में से एक है। इस ग्रुप ने यूपी में वाहन निर्माण के लिए कारखाना लगाया है। यह कारखाना मात्र 14 माह में तैयार किया है। उप्र के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। इससे इनकी कार्यक्षमता और लगन जाहिर होती है।
मंत्री ने कहा कि आज जो एमओयू हुआ है, उसमें स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह और हिंदुजा ग्रुप की सहायक कम्पनी इंटरटेनमेंट लिमिटेड के बीच एमओयू हुआ है। इससे डिजिटल क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम है। आज उप्र की सबसे बड़ी आवश्यकता है कि लोगों को रोजगार मिले। तकनीक के साथ रोजगार दिया जाए तो मै समझता हूं कि वह सबसे ज्यादा सार्थक होगा।-------------