उप्र का मौसम : 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज रहा देश में सबसे गर्म शहर
उप्र का मौसम : 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रयागराज रहा देश में सबसे गर्म शहर
लखनऊ, 16 जून, । उत्तर प्रदेश में मानसून की दस्तक जल्द होने वाली है लेकिन इसके पहले प्री-मानसून में ही बारिश हो रही है। मंगलवार को गोरखपुर में अचानक तेज आंधी के साथ बारिश हुई जबकि महराजगंज मे भी ऐसा ही मौसम रहा। बुंदेलखंड में भी बूंदाबांदी हुई है। उधर 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज देश में सर्वाधिक जबकि 43 डिग्री सेल्सियस के साथ वाराणसी देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम का रुख लगातार बदलता हुआ नजर आ रहा है। कई जिलों में कहीं तेज धूप हो रही है तो कई स्थानों पर कभी बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हो रही है। मंगलवार काे भी ऐसा ही माैसम नजर आया। पूर्वांचल में गोरखपुर और महाराजगंज के साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में झांसी में भी गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हुई है। कई स्थानों पर अधिक बारिश होने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है और आने वाले दिनों में मौसम के रुख में बदलाव दिखेगा।
इसी बीच मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रभावी मौसम तंत्र की अनुपस्थिति में प्रदेश की मौसमी सक्रियता में प्रभावी कमी के परिणामस्वरूप तापमान में प्रभावी वृद्धि के दृष्टिगत प्रदेश में एक बार फिर से गर्मी में वृद्धि होने की संभावना के दृष्टिगत आगामी 4-5 दिनों के दौरान कहीं- कहीं ऊष्ण लहर (लू) की स्थितियाँ उत्पन्न होने की संभावना है यद्यपि इस दौरान यदा-कदा थंडरस्टार्म के साथ कहीं कहीं बूंदा-बांदी/छिटपुट वर्षा की संभावना भी बनी रहेगी| इसी क्रम में अभी उत्तर प्रदेश में मानसून के अग्रसरण के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल नहीं हैं| माैसम विभाग के अनुसार 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज देश में सर्वाधिक जबकि 43 डिग्री सेल्सियस के साथ वाराणसी देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।
हल्की बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 17 जून को उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली, एटा, इटावा, हमीरपुर कानपुर, बांदा, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, चित्रकूट, वाराणसी और प्रयागराज में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।