यूपी बोर्ड ने प्रमाण पत्र सह अंक पत्र की खामियां दूर करने को छह मई तक मांगा आवेदन

--छात्र-छात्रा के नाम, माता-पिता का नाम, वर्तनी त्रुटि, जन्मतिथि आदि में कराएं संशोधन: सचिव

यूपी बोर्ड ने प्रमाण पत्र सह अंक पत्र की खामियां दूर करने को छह मई तक मांगा आवेदन

प्रयागराज, 27 अप्रैल । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद्, प्रयागराज (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं की वर्ष 2026 की परीक्षा का रिजल्ट 23 अप्रैल को घोषित हो चुका है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में शामिल रहे छात्रों के शैक्षिक विवरणों में संशोधन के लिए यूपी बोर्ड ने पूर्व में कई मौके प्रदान किए हैं लेकिन इसके बावजूद कई परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में अगर यह त्रुटि दूर नहीं की गई तो परीक्षार्थियों के प्रमाण पत्र सह अंक पत्र (सर्टिफिकेट कम मार्कशीट) में यह त्रुटियां प्रकाशित हो जाएंगी।

ऐसे में यूपी बोर्ड ने परीक्षार्थियों के सर्टिफिकेट कम मार्कशीट को त्रुटि रहित बनाने के लिए उनके शैक्षिक विवरणों में संशोधन का अंतिम मौका प्रदान किया है। यूपी बोर्ड ने छह मई शाम 06 बजे तक सुधार का अंतिम मौका प्रदान किया है। अगर किसी परीक्षार्थी के शैक्षिक विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि जैसे नाम, माता-पिता का नाम, वर्तनी त्रुटि, जन्मतिथि, फोटो आदि में संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित प्रधानाचार्य यूपी बोर्ड की वेबसाइट-upmsp.edu.in पर लॉगिन कर निर्धारित प्रारूप और मैन्युअल डाउनलोड कर लें। इसके बाद प्रधानाचार्य द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवश्यक संशोधन कर विवरण मैन्युअल संलग्न के अनुरूप स्पष्ट रूप से अंकित करते हुए स्वयं सत्यापित कर जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर विद्यालय द्वारा फिर से वेबसाइट पर लागिन करते हुए पूरित प्रारूप और समस्त आवश्यक अभिलेख व साक्ष्य यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर छह मई शाम 06 बजे तक अपलोड कर सकते हैं।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने सोमवार को बताया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा निर्धारित अवधि में संशोधन अपेक्षित होने के बावजूद पोर्टल पर आवेदन नहीं किया जाता है और सर्टिफिकेट कम मार्कशीट निर्गत होने के बाद संशोधन की अपेक्षा की जाती है। तो ऐसे विद्यालयों को चिन्हित करते हुए शासनादेश 26 दिसम्बर 2022 के तहत मान्यता शर्तों के प्रस्तर-18 में उल्लिखित परिशिष्ट ‘ख’ के अंतर्गत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।