सपा नेताओं पर रंगदारी और धमकी के आरोप, व्यापारियों का कोतवाली पर प्रदर्शन
सपा नेताओं पर रंगदारी और धमकी के आरोप, व्यापारियों का कोतवाली पर प्रदर्शन
बरेली, 28 जुलाई । कंप्यूटर व्यापारी से रंगदारी मांगने और मारपीट के मामले में सपा नेताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रविवार को व्यापारी श्याम कृष्ण के समर्थन में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल कोतवाली पहुंचा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि दबंगई कर व्यापारियों को धमकाया जा रहा है, जिसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
व्यापारियों का प्रतिनिधित्व कर रहे भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री अनिल अग्रवाल ने सपा नेताओं समर्थ मिश्रा, अविनाश मिश्रा और अन्य के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपी। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराते हुए जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने का भरोसा दिया है।
श्याम कृष्ण का आरोप है कि उनका मकान सिविल लाइंस क्षेत्र में सपा कार्यालय के पास स्थित है। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप और उनके समर्थक लंबे समय से मकान खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। व्यापारी के अनुसार पार्टी कार्यालय का विस्तार करने के नाम पर पहले धमकाया गया और फिर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
घटना 24 जुलाई की शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। श्याम कृष्ण ने स्कूटी घर के सामने गली में खड़ी की थी। इसी दौरान हूटर बजाते हुए एक वाहन वहां पहुंचा। व्यापारी का दावा है कि वाहन में बैठे व्यक्ति ने स्कूटी क्षतिग्रस्त करने का इशारा किया। विरोध करने पर जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने समर्थ मिश्रा, अविनाश मिश्रा और बृजेश श्रीवास्तव को मारपीट का आदेश दिया।
व्यापारी ने आरोप लगाया कि तीनों ने उन्हें जमीन पर गिराकर जमकर पीटा। इस हमले के बाद उनका परिवार डरा हुआ है। पीड़ित ने शिवचरन कश्यप, समर्थ मिश्रा, अविनाश मिश्रा और बृजेश श्रीवास्तव के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकी देने और मारपीट करने की तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर कोतवाली अमित कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।