प्रतापगढ़: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
प्रतापगढ़: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
प्रतापगढ़, 26 जून। जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। यह हादसा रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर पृथ्वीगंज चौकी के समीप छैवा पुल पर रात लगभग एक बजे उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फतनपुर थाना क्षेत्र के गाजी का बाग निवासी सुशील कुमार (28) अपने साथी सूरज कुमार (22) के साथ बुधवार रात जिला मुख्यालय से किसी काम के सिलसिले में घर लौट रहे थे। रात तकरीबन एक बजे जब उनकी मोटरसाइकिल छैवा पुल के पास पहुंची, तभी भुपियामऊ से रानीगंज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही अज्ञात कार ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक अपनी मोटरसाइकिल से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची। राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायल युवकों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूरज कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां वह जीवन-मौत से जूझ रहा है।
गुरुवार सुबह मृतक सुशील कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मृतक सुशील के परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी कार चालक का पता लगाया जा सके।