ऑपरेशन व्हाइट पाउडर महिला समेत 3 आरोपित 49 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
ऑपरेशन व्हाइट पाउडर महिला समेत 3 आरोपित 49 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
कानपुर, 19 मार्च । क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने गुरुवार को नशे की तस्करी करने वाली महिला समेत तीन आरोपितों को 49.388 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। तस्करों के पास से कुल चार बैग और 48 पैकेट बरामद किए गए।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई हनुमान मंदिर से आगे, राजकीय पॉलिटेक्निक कट के पास रेलवे लाइन की तरफ चौकी गुरुदेव के पास की गई। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपितों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपितों में पहले थाना काकादेव निवासी उमेश चन्द्र राजपूत उर्फ अश्वनी राजपूत शामिल हैं, जो लंबे समय से नशे की तस्करी में संलिप्त रहे हैं। दूसरे दूसरा आरोपित शुक्लागंज, जनपद उन्नाव निवासी अकबर अली उर्फ चिंगारी, जबकि उन्नाव की रहने वाली महिला सलमाना बेगम हैं। आरोपित उड़ीसा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाकर कानपुर में सप्लाई करते थे।
अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि अभियुक्तों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि नशे की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई का मकसद न केवल तस्करों को कड़ी चेतावनी देना है, बल्कि कानपुर को नशे से मुक्त शहर बनाने का संदेश भी देना है।
आगे उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर के ढाबों, होटल और रेस्टोरेंट्स में हुई छापेमारी के दौरान इस गैंग का नाम प्रकाश में आया था। इसके बाद से ही इस गैंग को पकड़ने के लिए एसओजी सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। अब तक 60 से अधिक मुकदमे एनडीपीएस एक्ट में दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें 75 से अधिक तस्करों की गिरफ्तारी हुई है और 500 किलो से अधिक गांजा, साथ ही 23 किलो स्मैक, चरस और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही शहर में जागरूकता अभियान भी लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग नशे के खतरों से अवगत हों और इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें।