किसान बनकर पहुंचे अफसर, ओवररेट खाद बेचते दुकानदार काे पकड़ा

किसान बनकर पहुंचे अफसर, ओवररेट खाद बेचते दुकानदार काे पकड़ा

किसान बनकर पहुंचे अफसर, ओवररेट खाद बेचते दुकानदार काे पकड़ा

मीरजापुर, 6 नवंबर । ड्रमंडगंज क्षेत्र के नैड़ी कठारी गांव में गुरुवार दोपहर एक खाद विक्रेता की पोल उस समय खुल गई जब एडीओ (एजी) नरेंद्र कानापुरिया खुद किसान बनकर डीएपी खाद लेने दुकान पर पहुंचे। जैसे ही दुकानदार मो. असलम ने निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद दी, एडीओ ने अपनी पहचान बताई तो दुकानदार के होश उड़ गए और वह कार्रवाई से बचने के लिए हाथ-पैर जोड़ने लगा।

एडीओ एजी ने जांच के दौरान पाया कि दुकान पर स्टॉक रजिस्टर मौजूद नहीं था। पीओएस मशीन बंद थी और रेट बोर्ड भी नहीं लगा था। उन्होंने तत्काल इस पूरे प्रकरण की जानकारी जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार को दी और दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कई दुकानों पर शाम तक रेट बोर्ड और मशीनों की जांच खुद दुकानदार करने लगे। एडीओ एजी नरेंद्र कानापुरिया ने बताया कि शासन द्वारा खाद की बिक्री के लिए तय दरें स्पष्ट हैं, ऐसे में कोई भी दुकानदार किसानों के साथ लूट नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग या अनियमितता पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।