प्रयागराज में बक्शी बाजार बमबारी मामले में बड़ी सफलता: दो गिरफ्तार, 17 जिंदा देशी बम बरामद

प्रयागराज में बक्शी बाजार बमबारी मामले में बड़ी सफलता: दो गिरफ्तार, 17 जिंदा देशी बम बरामद

प्रयागराज में बक्शी बाजार बमबारी मामले में बड़ी सफलता: दो गिरफ्तार, 17 जिंदा देशी बम बरामद

प्रयागराज, 16 जुलाई  शहर के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में विगत 8 जुलाई को अटाला के बक्शी बाजार में हुई सनसनीखेज बमबारी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खुल्दाबाद थाने की तेज-तर्रार पुलिस टीम ने इस मामले में वांछित दो मुख्य आरोपितों को घनश्याम नगर पैदल पुल के पास से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपितों के कब्जे से भारी मात्रा में 17 अवैध देशी जिंदा बम बरामद किए हैं, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में रखे गए थे। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्याययिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त अभिजीत कुमार ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान करेली थाना क्षेत्र के जेके आशियाना जीटीवी नगर निवासी जीशान पुत्र स्वर्गीय मो. अली और धूमनगंज थाना क्षेत्र के चकमीरापट्टी गांव निवासी अनीस अहमद पुत्र स्वर्गीय नियाज अहमद के रूप में हुई है। पुलिस लंबे समय से इन दोनों की तलाश में जुटी हुई थी।

उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई की रात को थाना खुल्दाबाद के अटाला क्षेत्र स्थित भीड़भाड़ वाले बक्शी बाजार में अचानक बमबारी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। उस रात एक के बाद एक कई धमाकों की आवाज से स्थानीय लोग सहम गए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था और उनकी तलाश में एक सघन अभियान चला रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस की कई टीमें आरोपितों तक पहुंचने के लिए लगातार दबिश दे रही थीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे थे और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था। अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम को आखिरकार इन दोनों आरोपितों को पकड़ने में कामयाबी मिल गई है, जिसके बाद शहर की कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवालों पर कुछ हद तक विराम लगा है। बरामद किए गए जिंदा बमों के संबंध में भी गहन जांच की जा रही है कि इन्हें कहां से लाया गया था और इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।