वाराणसी के मेगा पटाखा मार्केट में उमड़ी जबरदस्त भीड़, नौजवानों में बम-रॉकेट खरीदने का खास उत्साह
नाटीइमली के भरत मिलाप मैदान में दीपावली से पहले खरीदारी तेज, सितारा बम, बड़े अनार, फूलझड़ियां और रॉकेट की बढ़ी मांग; सुरक्षा के लिए पुलिस भी मुस्तैद
वाराणसी, 07 नवम्बर । वाराणसी में नाटीइमली स्थित भरत मिलाप मैदान में दीपावली पर्व से पहले लगाए गए मेगा पटाखा मार्केट में शनिवार को शाम के समय जबरदस्त भीड़ पटाखे को खरीदने के लिए उमड़ पड़ी। इस बार दीपावली में लोगों में सितारा बम, बड़े अनार, फूलझरियों, साउंड रॉकेट, मिर्ची बम और पैराशूट खरीदने को लेकर बड़ा उत्साह दिखाई दिया।
मेगा पटाखा मार्केट में दुकानदार राज ने बताया कि दीपावली पर बच्चों के लिए विशेष रूप से फुलझरिया बेचने के लिए मंगाई गई है। यह फुलझरिया 50 रुपए पैकेट से लेकर दो सौ रुपये प्रति पैकेट तक उनकी दुकान पर उपलब्ध है। रॉकेट के रेट इस वर्ष बढ़ गए हैं। छोटा रॉकेट पैकेट दो सौ रुपए और बड़ा रॉकेट पैकेट तीन सौ से लेकर पांच सौ रुपए पैकेट तक बिक रहा है।
दुकानदार अनिल ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि पटाखे को लेकर लोगों में उत्सुकता कम नहीं हुई है। जैसे पिछले वर्ष मार्केट में भीड़ आई थी, वैसे ही इस वर्ष भी मार्केट में भीड़ है। नौजवानों में पटाखे फोड़ने को लेकर विशेष उत्साह है। जिनकी पहली पसंद मिर्ची बम, बुलेट बम और गड्डा बम है।
पटाखा बाजार को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा के इंतजाम चाक चौबंद बनाए हुए है। वहीं, मेगा पटाखा मार्केट में शनिवार को थर्ड जेंडर लोगों के उत्पात करने से दुकानदार परेशान होते हुए भी मिले। दुकानों पर खड़े ग्राहकों को भी उनकी छेड़खानी को झेलकर शर्मिंदगी उठानी पड़ी।