पत्रकार पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें : मुनेश्वर मिश्र

--देश के 14 राज्यों एवं उप्र के 47 जिलों में महासंघ सक्रिय: डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय --भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का होली मिलन कार्यक्रम

पत्रकार पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें : मुनेश्वर मिश्र

प्रयागराज, 09 मार्च । भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ महानगर इकाई का होली मिलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का कार्यक्रम आनंद भवन के सामने एक रेस्टोरेंट में हुआ। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि पत्रकार अपनी कलम की ताकत को पहचाने, क्योंकि वह चौथे स्तम्भ के सजग प्रहरी हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता कर समाज का आईना बनें।

उन्होंने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि शासन-प्रशासन की चाटुकारिता न करें, निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए शासन प्रशासन द्वारा अगर उन्हें किसी तरह से प्रताड़ित किया जाता है तो महासंघ उनके साथ खड़ा रहेगा और हर संभव सहयोग करेगा। पत्रकारिता एक तपस्या है, अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएं।

विशिष्ट अतिथि महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तर प्रदेश के सैंतालीस जिलों एवं देश के चौदह राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। जो पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा व सम्मान के लिए संघर्षरत है। पत्रकारों के हित के लिए विभिन्न इकाइयों का गठन किया गया है, जो समय-समय पर पत्रकार साथियों को सहयोग सम्मान एवं सुरक्षा मुहैया कराती रहती है।

उन्होंने न्यौता प्रकोष्ठ के बारे में बताया कि जिन पत्रकार साथियों के बेटियों की शादी हेतु आर्थिक रूप से कमजोर होने पर संगठन उन्हें महासंघ की ओर से हरसंभव सहयोग दिलाया जाएगा। इसके साथ उन्होंने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के बारे में बताया कि जिन पत्रकार साथियों को गंभीर बीमारी के इलाज हेतु कमजोर हैं उन्हें भी महासंघ की ओर से सार्थक सहयोग दिलाया जाएगा। उन्होंने इसके अलावा कई अन्य प्रकोष्ठों के बारे में जानकारी दी। तत्पश्चात उन्होंने नवीन पत्रकारों को शपथ दिलाते हुए सम्मान पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव डॉ योगेंद्र कुमार मिश्र देशबंधु भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर इकाई जिला संरक्षक शिवेश कुमार राय ने एवं संचालन जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने किया। डॉ योगेंद्र कुमार मिश्रा विश्वबंधु, शिवेश कुमार राय और जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने सभी पत्रकार आगंतुकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रयागराज इकाई के विस्तार हेतु आवाहन किया।

इस दौरान राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवनेश उपाध्याय, राजेंद्र पाण्डेय, सुशील कुमार राय, शिव प्रताप श्रीवास्तव, देवेंद्र शर्मा, विकास केलकर, हिमांशु गुप्ता, रुझान रस्तोगी, सूर्य प्रताप सिंह, दयाशंकर, केशव प्रकाश सक्सेना, प्रवीण दुबे, प्रदीप सिंह, नीरज खरे, शालिनी केसरवानी, मान्या गुप्ता, रेनू केसरवानी आदि अन्य पत्रकार, साहित्यकार, लेखक उपस्थित रहे।