पशु-पक्षियों के पानी की व्यवस्था करना हम सबकी जिम्मेदारी : रजनीकांत श्रीवास्तव
पशु-पक्षियों के पानी की व्यवस्था करना हम सबकी जिम्मेदारी : रजनीकांत श्रीवास्तव
प्रयागराज, 12 मार्च । भारतीय जनता पार्टी एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रांत सह संयोजक रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति दया एवं सह-अस्तित्व का संदेश देती रही है। यदि हर व्यक्ति अपने घर या आसपास एक पानी का पात्र रख दे तो यह छोटी-सी पहल मिलकर बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। यह केवल सेवा नहीं बल्कि एक ग्रीन गुड डीड है, जो पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि सुबह से ही भीषण गर्मी की आहट महसूस होने लगी है। आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं बल्कि आसपास रहने वाले पशु-पक्षियों के लिए भी कठिनाई का कारण बनती है। तपती धूप और पानी के सीमित स्रोत इन मूक प्राणियों के जीवन को और भी चुनौतीपूर्ण बना देते हैं। ऐसे में समाज के छोटे-छोटे प्रयास भी उनके लिए जीवनदायी सिद्ध हो सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर के बाहर, छतों पर, पार्कों में, मंदिरों के पास, पेड़ों की छाया में या मोहल्लों के सुरक्षित स्थानों पर मिट्टी का बर्तन, पानी से भरा पात्र अवश्य रखें। जब कोई प्यासा पक्षी उस पानी को पीकर राहत पाता है या कोई पशु अपनी प्यास बुझाता है, तो यह मानवता और प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने काशी प्रांत के सभी जिला संयोजकों और सहसंयोजकों से अपील की कि वे अपने-अपने जिलों में समितियों से सम्पर्क कर पशु-पक्षियों के लिए प्याऊ और पानी के पात्र लगाने का अभियान चलाएं। उन्होंने बताया कि जो सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक या एनजीओ इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पशु-पक्षियों के लिए प्याऊ या पानी की व्यवस्था करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा। ऐसे सभी कार्यकर्ता अपने कार्य की फोटो सहित जानकारी हेल्पलाइन नंबर 9415970989 पर भेज सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस गर्मी में हम सभी मिलकर संकल्प लें कि अपने आसपास रहने वाले हर जीव के लिए पानी की व्यवस्था करेंगे और समाज में संवेदनशीलता की इस परम्परा को आगे बढ़ाएंगे।